May 2, 2025

आ स. संवाददाता 
कानपुर। 
 बिल्हौर थाना क्षेत्र के ककवन कस्बे में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया। दो नाबालिग सहेलियां स्कूल जाने के बहाने घर से निकलीं, लेकिन न तो स्कूल पहुंचीं और न ही वापस घर लौटीं।
दोनों लड़कियों में से एक की बड़ी बहन की शादी जल्द होने वाली है। इस वजह से घर में लाखों रुपए की नकदी और जेवरात रखे थे। परिजनों का आरोप है कि दोनों लड़कियां यह नकदी और जेवरात भी अपने साथ ले गई हैं।
परिवार ने जब लड़कियों को घर न लौटने पर आस-पड़ोस और रिश्तेदारों के यहां तलाश किया, लेकिन उनका कहीं पता नहीं चला। इसके बाद लड़कियों के परिवारों ने थाने में अपहरण का मुकदमा दर्ज कराया है।
थाना प्रभारी धर्मेंद्र गुप्ता ने बताया कि पुलिस लड़कियों की तलाश कर रही है। उन्होंने कहा कि नकदी ले जाने की कोई पुष्टि अभी तक नहीं हुई है। लड़कियों के मिलने के बाद उनके बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।