February 5, 2025

आ स. संवाददाता 

कानपुर। उत्तर प्रदेश में क्रिकेट को बेहतर करने को लेकर पूर्व रणजी क्रिकेटर मोहसिन रजा बराबर कुछ नया करने को प्रयासरत रहते है। पहले तो उन्होंने उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन में हो रही अनियमितताओं व भ्रष्टाचार को उजागर किया था, अब उत्तर प्रदेश में कई क्रिकेट टीमें बनाने को लेकर काम कर रहे हैं। 

इसको लेकर उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से भेंट की और मुख्यमंत्री को बताया कि गुजरात और महाराष्ट्र की तर्ज पर उत्तर प्रदेश में प्रदेश स्तर की कई क्रिकेट टीमों का गठन किया जाये। इससे उत्तर प्रदेश के क्रिकेटरों को अच्छा अवसर मिलेगा और जहां उनकी प्रतिभा निखरेगी तो वहीं देश और विश्व पटल पर उत्तर प्रदेश का खिलाड़ी अपना नाम रोशन करेंगे। 

पूर्व मंत्री एवं उत्तर प्रदेश खेल कल्याण संघ के अध्यक्ष मोहसिन रजा ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात कर खेल को लेकर चर्चा की। पूर्व रणजी क्रिकेटर मोहसिन रजा ने भेंट के दौरान उत्तर प्रदेश के खेल और खिलाड़ियों के उत्थान के संबंध में विभिन्न विषयों पर विस्तृत चर्चा की। 

उन्होंने यूपीसीए के द्वारा की जा रही वित्तीय अनियमितताओं  एवं खिलाड़ियों के साथ हुए शोषण एवं ग्रीनपार्क के अवैध इस्तेमाल और बकाया 15 करोड़ के संबंध में एक पत्र सौंपकर मुख्यमंत्री को अवगत कराया। मुख्यमंत्री ने मामले को संज्ञान में लिया और उचित कार्यवाही करने की बात कही। उन्होंने समस्त खेलों की राष्ट्रीय प्रतिस्पर्धाओं और अन्य प्रतियोगिताओं में उत्तर प्रदेश का प्रतिनिधित्व बढ़ाए जाने हेतु सबसे बड़ी जनसंख्या वाले प्रदेश उत्तर प्रदेश की एक से अधिक यथासंभव टीम समस्त खेलों में बनाए जाने के संबंध में उत्तर प्रदेश सरकार से कैबिनेट बैठक में इस माँग को पारित किए जाने का अनुरोध किया और बतौर अध्यक्ष उत्तर प्रदेश खेल कल्याण संघ एक मांग पत्र भी दिया जिसपर मुख्यमंत्री द्वारा कार्यवाही का आश्वासन भी दिया गया।

मोहसिन रजा ने बताया कि प्रदेश सरकार के प्रयास से खेलों को बढ़ावा दिए जाने के दृष्टिगत मैंने मुख्यमंत्री खेल प्रतियोगिता आयोजित करने का अनुरोध किया तथा इस संबंध में मुख्यमंत्री योगी का मार्गदर्शन प्राप्त हुआ। मुख्यमंत्री ने आश्वस्त किया है कि खेलों को बढ़ावा दिए जाने के उद्देश्य से प्रदेश में बड़े पैमाने पर खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा जिससे  अधिक से अधिक खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का मौका मिले और प्रदेश खेल के क्षेत्र में भी ऊंचाईयां प्राप्त कर सके। इसी कड़ी में खेल जगत को और अधिक बढ़ावा दिए जाने के उद्देश्य से मेरा अभिमत है कि के डी सिंह बाबू स्टेडियम की भांति प्रदेश के समस्त ज़िलों, तहसील मुख्यालयों में स्थित स्टेडियम में फ्लड लाइट्स स्थापित करा दी जाये, जिससे प्रतिभावान खिलाड़ियों द्वारा रात के समय में भी खेल गतिविधियां तथा प्रतियोगिताए आयोजित की जा सके।