April 23, 2026

संवाददाता।
कानपुर। नगर मे हज पर जाने वाले सभी हज यात्रियों को  पोलियो, मेनिनजाइटिस व इन्फ्लुएंजा का टीका लगाया गया। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आलोक रंजन के निर्देशन में मंगलवार को जाजमऊ स्थित डीटीएस इंटर कॉलेज में शिविर लगाकर 256 यात्रियों को टीका लगाया गया। यह शिविर स्वास्थ्य विभाग के तत्वावधान में हज सेवा समिति के सहयोग से आयोजित किया गया। इस मौके पर मौजूद जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. यूबी सिंह ने बताया कि शासन के निर्देशानुसार हज को जाने वाले सभी यात्रियों को मेनिनजाइटिस सीजनल इन्फ्लुएंजा का टीका लगाया जाता है। जनपद से हज को जाने वाले 600 हज यात्रियों में कुल 594 को दो दिन में टीका लगाने का कार्य किया गया। पहले दिन सोमवार को बासमंडी स्थित गरीब नवाज हॉल में कुल 314 हज यात्रियों को टीका लगाकर प्रतिरक्षित किया गया। यूनिसेफ के डीएमसी फुजैल अहमद सिद्दीकी ने बच्चों को 12 जानलेवा बीमारियों से बचाव और टीबी मुक्त भारत के लिए विशेष संदेश दिया। डीटीएस इंटर कॉलेज के प्रिंसिपल एवं हज प्रशिक्षक नासिर खान ने हज यात्रियों को प्रशिक्षण देते हुए विस्तार से हज प्रक्रिया के बारे में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि हज यात्रियों को चाहिए कि यात्रा को आसान और सुलभ तरीके से संपन्न कराने के लिए भारत सरकार तथा सऊदी सरकार के नियमों का पालन करें। उन्होंने कहा कि हज यात्री अगर किसी रोग से पीड़ित है और भारत में उसकी दवा चल रही है तो उसे साथ ले जा सकता है। दवाई का पर्चा अपने साथ जरूर रखें। हज प्रशिक्षक नासिर खान ने कहा कि हज यात्रा पर जाने से पहले सभी लोगों को पोलियो, मेनिनजाइटिस और इन्फ्लुएंजा का टीका लेना अनिवार्य है। हज यात्रा के दौरान किसी भी व्यक्ति को फ्लू का संक्रमण हो जाए, तो वह व्यक्ति अन्य व्यक्तियों को भी संक्रमित कर सकता है। ऐसे में सभी व्यक्तियों को यह टीका लगाना अनिवार्य होता है, ताकि स्थान परिवर्तन के बाद होने वाले फ्लू का असर ना हो पाए। साथ ही बड़ों को पोलियो की भी खुराक दी जाती है, जिसका मुख्य कारण लोगों में जागरूकता लाना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related News