
संवाददाता।
कानपुर। उत्तर प्रदेश में बारिश का दौर थम चुका है, मगर पहाड़ों से होकर आ रही सर्द हवाएं परेशान कर रही हैं। 30-40 की रफ्तार से चल रही हवाओं सर्द एहसास करवा रही हैं। आईएमडी के मुताबिक, अगले 2 दिन ये हवाएं ऐसे ही चलती रहेंगी। गुरुवार की रात अयोध्या सबसे ठंडी रही। यहां न्यूनतम तापमान 8.5 डिग्री दर्ज किया गया। 28.6 डिग्री के साथ उरई सबसे गर्म रहा। मौसम विज्ञानियों के मुताबिक हाल ही में हुई तेज बारिश और ओले गिरने से गेहूं और सरसों की फसलों को भारी नुकसान हुआ। करीब 30% फसलें खेतों में गिर गई थीं। इससे फसलें कमजोर हो गई हैं। अब तेज हवाएं फसलों को और ज्यादा नुकसान पहुंचा रही हैं। सीएसए यूनिवर्सिटी के मौसम विज्ञानी डॉ. एसएन सुनील पांडेय के मुताबिक ठंडी हवाओं ने यूपी के औसत तापमान में 3 डिग्री की कमी ला दी है। अगले 7 दिन ठंड बनी रहेगी, फिर धीरे-धीरे दिन का तापमान बढ़ता जाएगा। उन्होंने बताया कि एक पश्चिमी विक्षोभ उत्तर भारत के पहाड़ी इलाकों से गुजर रहा है। जिस कारण मौसम की गतिविधियां पहाड़ों तक ही सीमित हैं। पहाड़ी क्षेत्रों में अगले 2 दिनों में हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी हो सकती है। हालांकि इसका असर मैदानी इलाकों में नहीं पड़ेगा। मौसम विज्ञानी के मुताबिक राजस्थान, हरियाणा और दिल्ली के कुछ हिस्सों में छिटपुट बादल छाए हुए हैं। यह तेज पश्चिमी जेट स्ट्रीम का परिणाम है। पूर्वानुमान है कि 9 मार्च दोपहर तक आसमान साफ रहेगा। अगले सप्ताह की शुरुआत तक एक बार फिर बादलों की चादर छा सकती है, जिससे धूप कम हो सकती है। सुबह का तापमान भी बढ़ सकता है। लखनऊ में दिन का तापमान 27.4 डिग्री तक पहुंचा है। हालांकि यह सामान्य से 3 डिग्री कम है। वहीं रात में 11.8 डिग्री तापमान रिकॉर्ड हुआ है। सुबह से ही धूप खिल गई है। शुक्रवार दिन का तापमान 28 डिग्री तक जाने का अनुमान है। करीब 40 किमी. की रफ्तार से हवाएं चलती रहेगी।