April 30, 2026

संवाददाता

कानपुर। कानपुर नगर में मौसम कभी भी यू-टर्न ले सकता है क्योंकि उसमें बदलाव के संकेत दिखायी दे रहे हैं।  बादलों ने घूम-घूम की शनिवार सुबह से शहर में डेरा डाला लेकिन बारिश नहीं हो सकी। जबकि एक दिन पहले शुक्रवार को सिविल लाइंस क्षेत्र में बूंदाबांदी से मौसम बदलने का संकेत जरूर मिला था। मौसम विभाग के अनुसार अगले दो दिन तक वर्षा की स्थितियां बनी हुई हैं।

बादलों के आने से शनिवार को दिन के मौसम में तापमान पर असर दिखाई दिया। 

चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के मौसम केंद्र में अधिकतम तापमान 33.7 डिग्री दर्ज किया गया, जो एक दिन पहले के 34.6 डिग्री से लगभग एक डिग्री कम है। न्यूनतम तापमान भी 26.2 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 0.8 डिग्री ज्यादा है। 

मौसम विशेषज्ञ डा. एसएन सुनील पांडेय के अनुसार अधिकतम तापमान में कमी आने की वजह आसमान में बादलों की मौजूदगी रही। बारिश की स्थितियां बन रही हैं। छिटपुट बूंदाबांदी हुई है लेकिन वर्षा होनी बाकी है। देर रात के साथ ही दिन में बारिश के आसार बन रहे हैं। अगले दो दिन तक मौसम ऐसा ही रह सकता है। 

चकेरी एयरफोर्स स्टेशन पर दिन का अधिकतम तापमान 35.6 व न्यूनतम तापमान 27.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अगले 48 घंटे के दौरान हल्की से मध्यम वर्षा के आसार हैं।

शहर के मौसम में नमी बनी है लेकिन वर्षा वाले बादलों का आना कम हो गया है। अब दिन व रात का तापमान सामान्य से ऊपर चला गया है। मौसम में बदलाव के लिए अब वर्षा वाले बादलों के आने का इंतजार है जो शनिवार देर शाम से आ सकते हैं। मौसमी स्थितियों में बदलाव के संकेत मिल रहे हैं। 

मानसूनी बादलों की श्रंखला राजस्थान के श्री गंगानगर से मध्यप्रदेश के शिवपुरी-दमोह से होते हुए कलिंगपट्टनम से बंगाल की खाड़ी तक बनी है। इससे कानपुर मंडल में मौसम बदलने की संभावना है। वर्षा का नया दौर भी शुरू हो सकता है, जो अगले दो से तीन दिनों तक बना रहेगा।

Related News