August 10, 2026





संवाददाता
कानपुर। चकेरी थाना क्षेत्र के अहीरवां गांव में एक व्यक्ति का शव रेलवे ट्रैक किनारे पेड़ से लटका मिला। इस घटना से गांव में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही चकेरी पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
ग्रामीणों अजय, राजेश और सुजीत ने बताया कि वे रविवार सुबह मॉर्निंग वॉक के लिए निकले थे। इसी दौरान उन्होंने रेलवे ट्रैक के किनारे एक पेड़ पर लगभग 30 वर्षीय व्यक्ति का शव लटका देखा। ग्रामीणों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी, मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। शव मिलने की सूचना पर घटनास्थल पहुंची
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर उसकी शिनाख्त के प्रयास शुरू कर दिए। घटनास्थल का निरीक्षण किया गया और आसपास के लोगों से पूछताछ की गई, लेकिन मृतक की पहचान नहीं हो सकी है।
पुलिस अब आसपास के थानों से गुमशुदगी की जानकारी जुटा रही है और शव की पहचान कराने का प्रयास कर रही है। इसके अलावा हत्या और आत्महत्या के बिंदुओं पर जांच शुरू कर दी गई है।
थाना प्रभारी अजय प्रकाश मिश्र ने बताया कि शव की शिनाख्त के प्रयास जारी हैं। उन्होंने कहा कि मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट और विस्तृत जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *