
संवाददाता
कानपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आगामी 29 अप्रैल को हरदोई के मल्लावां में गंगा एक्सप्रेस-वे का लोकार्पण करेंगे। इस कार्यक्रम को देखते हुए कानपुर शहर में भारी वाहनों के लिए विशेष ट्रैफिक डायवर्जन लागू किया गया है। यह व्यवस्था 28 अप्रैल को शाम 6 बजे से 29 अप्रैल रात 12 बजे तक प्रभावी रहेगी।
पुलिस प्रशासन के अनुसार नानामऊ तिराहा से होकर हरदोई जाने वाले भारी वाहनों के आवागमन पर रोक रहेगी। हालांकि एंबुलेंस, फायर ब्रिगेड और जरूरी सामान लेकर जाने वाले वाहनों को इस प्रतिबंध से छूट दी गई है।
डायवर्जन योजना के तहत बिल्हौर की ओर से आने वाले भारी वाहन नानामऊ तिराहा से आगे नहीं जा सकेंगे। इन्हें चौबेपुर से मोड़कर बिठूर या परियर पुल मार्ग से भेजा जाएगा। वहीं अरोल की ओर से आने वाले भारी वाहन नानामऊ तिराहा से यू-टर्न लेकर लखनऊ-आगरा एक्सप्रेस-वे या शिवराजपुर-चौबेपुर मार्ग से अपने गंतव्य की ओर जाएंगे।
शिवराजपुर और चौबेपुर क्षेत्र से हरदोई जाने वाले भारी वाहनों को सीधे अरोल से एक्सप्रेस-वे अथवा बिठूर और परियर पुल मार्ग का उपयोग करने के निर्देश दिए गए हैं। जरूरत पड़ने पर भारी वाहनों को मकनपुर रेलवे क्रॉसिंग रोड, अरोल कट के पास लखनऊ-आगरा एक्सप्रेस-वे और फूड प्लाजा के पीछे भी रोका जाएगा।






