
संवाददाता
कानपुर। गर्मी की छुट्टियों में यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेलवे ने कानपुर सेंट्रल से आसनसोल के बीच एक स्पेशल ट्रेन चलाने का फैसला किया है। यह ट्रेन यात्रियों की सुविधा के लिए अस्थायी रूप से चलाई जाएगी। वहीं कानपुर से बरेली के लिए एक ट्रेन चलाने की योजना तैयार की जा रही है। इसके लिए इज्जतनगर मण्डल के अधिकारियों से बात की जा रही है।
रेल अधिकारी अमित मालवीय के मुताबिक ट्रेन संख्या 04167 कानपुर सेंट्रल से 21 अप्रैल को दोपहर 3:10 बजे रवाना होगी और रास्ते में विभिन्न स्टेशनों पर रुकते हुए अगले दिन दोपहर करीब 3 बजे आसनसोल पहुंचेगी।
वहीं वापसी में ट्रेन संख्या 04168 आसनसोल से 22 अप्रैल को शाम 5:10 बजे चलेगी और अगले दिन दोपहर 2 बजे कानपुर सेंट्रल पहुंचेगी। इस विशेष ट्रेन में कुल 20 कोच लगाए जाएंगे, जिनमें एसी, स्लीपर और सामान्य श्रेणी के डिब्बे शामिल होंगे, ताकि हर वर्ग के यात्रियों को सुविधा मिल सके। रेलवे ने बताया कि इस ट्रेन में आरक्षण की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी।
इसके अलावा, रेलवे बरेली होकर कानपुर के लिए एक नई ट्रेन चलाने की भी तैयारी कर रहा है। उम्मीद है कि इस साल के अंत तक बरेली-कानपुर के बीच नियमित ट्रेन सेवा शुरू हो जाएगी। बताया गया कि इस रूट पर ट्रेनों की कमी को देखते हुए नई ट्रेन चलाने की योजना बनाई जा रही है।
रेलवे अधिकारी इस ट्रेन को कानपुर सेंट्रल, लखनऊ, पीलीभीत- मैलानी होते हुए बरेली तक ट्रेन चलाने की योजना बना रहे है। वहीं कानपुर, फर्रुखाबाद, कासगंज, बदायूं और बरेली के रास्ते ट्रेन चलाई जाने की भी योजना बनाई जा रही है। रेलवे अधिकारियों का कहना है कि इस कदम से यात्रियों को काफी राहत मिलेगी और गर्मी के मौसम में सफर करना आसान होगा।






