August 10, 2026







संवाददाता
कानपुर। चकेरी थाना परिसर के बाहर एक सिपाही पर पान दुकानदार से 5 हजार रुपये मांगने और नशे में हंगामा करने का आरोप लगा है। वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया और आरोपी सिपाही को लाइन हाजिर कर दिया गया।
दुकानदार के अनुसार चकेरी थाने के बाहर उसकी पान की दुकान पर सिपाही विजय कुमार पहुंचा। आरोप है कि शराब के नशे में धुत सिपाही ने धमकाकर 5 हजार रुपये मांगे। इनकार करने पर दोनों में कहासुनी हुई और सिपाही ने दुकानदार पर ईंट फेंकी।
इसके बाद वहां मौजूद अन्य पुलिसकर्मी उसे थाने के अंदर ले गए। दुकानदार का कहना है कि सिपाही करीब 20 मिनट तक थाने के अंदर भी हंगामा करता रहा।
इस विवाद के दौरान दुकानदार ने अपने मोबाइल से सिपाही का वीडियो बना लिया। वीडियो में सिपाही की कथित नशे की हालत और दुकानदार से विवाद साफ दिख रहा है। बाद में दुकानदार ने इसे सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया।
वीडियो वायरल होने के बाद मामला पुलिस अधिकारियों तक पहुंचा। चकेरी एसीपी ने मामले की जांच के आदेश दिए। शुरुआती कार्रवाई में डीसीपी पूर्वी सत्यजीत गुप्ता ने आरोपी सिपाही विजय सिंह को लाइन हाजिर कर दिया।
चकेरी एसीपी ने बताया कि वायरल वीडियो और दुकानदार के आरोपों की जांच कराई जा रही है। तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे विभागीय कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *