June 22, 2026

संवाददाता 

कानपुर। आज नगर में री-नीट (यूजी)-2026 परीक्षा सम्पन्न हुई । 41 केंद्रों पर बीस हजार से अधिक अभ्यर्थीयों ने परीक्षा दी । दोपहर 1:30 बजे तक ही अभ्यर्थीयों को प्रवेश मिला। इसके बाद किसी भी परीक्षार्थी को केंद्र में एंट्री नहीं दी गई ।

केंद्रों पर थ्री-लेयर चेकिंग के बीच अभ्यर्थियों को प्रवेश दिया गया । पुलिस बल, एलआईयू और प्रशासनिक अधिकारी सुरक्षा व्यवस्था पर नजर बनाए रहे। सभी केंद्रों पर बायोमेट्रिक सत्यापन और दस्तावेजों की जांच के बाद ही परीक्षार्थियों को अंदर भेजा गया ।

पुलिस उपायुक्त पश्चिम एस.एम. कासिम आबिदी ने  कल्याणपुर स्थित जवाहरलाल इंटर कॉलेज परीक्षा केंद्र का निरीक्षण किया। उन्होंने सीसीटीवी कंट्रोल रूम का जायजा लेकर परीक्षा कक्षों, प्रवेश द्वारों और पूरे परिसर की निगरानी व्यवस्था देखी।

डीसीपी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि परीक्षा की निष्पक्षता बनाए रखने के लिए सीसीटीवी के जरिए हर गतिविधि पर लगातार नजर रखी जाए। किसी भी संदिग्ध गतिविधि या गड़बड़ी की सूचना तुरंत वरिष्ठ अधिकारियों को दी जाए।

उन्होंने परीक्षा केंद्र पर अभ्यर्थियों की प्रवेश व्यवस्था, सुरक्षा जांच, तैनात पुलिस बल और यातायात व्यवस्था का भी निरीक्षण किया।

इस परीक्षा के विषय में जिलाधिकारी ने बताया कि सभी परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल और प्रशासनिक अधिकारी तैनात रहे। परीक्षा को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं की गई थीं ।

सिविल लाइंस स्थित जीएनके इंटर कॉलेज के बाहर परीक्षार्थियों के लिए शरबत वितरण किया गया।

नीट परीक्षा देने आए छात्र-छात्राओं और उनके अभिभावकों के लिए एक सामाजिक संस्था ने शरबत वितरण का आयोजन कर गर्मी से राहत दिलाने का प्रयास किया।

थ्री-लेयर चेकिंग के बीच निर्धारित दिशा-निर्देशों का पालन कर परीक्षार्थियों की एंट्री कराई गई ।

नीट रिएग्जाम (यूजी) 2026 के लिए सेंटरों पर कक्ष निरीक्षकों की कमी बताई गई थी। जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय से इस कमी को पूरा कराया गया। परीक्षा के संचालन के लिए नेशनल टेस्टिंग एजेंसी ने नगर के तीन केंद्रीय विद्यालयों के प्राचार्यों को कोऑर्डिनेटर नामित किया गया ।

इनमें केवी कैंट के सोम पाल, केवी चकेरी तीन के राज गुरु सिंह और केवी आईआईटी के रवीश चंद्र पांडेय शामिल हैं। परीक्षा संचालन के लिए जो टीम बनाई गई है, उसमें अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व, अपर जिलाधिकारी नगर, अपर पुलिस उपायुक्त कानून एवं व्यवस्था – नोडल अधिकारी परीक्षा, जिला विद्यालय निरीक्षक, कानपुर नगर के अलावा तीन कोऑर्डिनेटर भी शामिल हैं।

एग्जाम पेपर एनटीए ने नोडल बैंक में जमा करा दिए थे। यहीं से पेपर सामग्री का वितरण केन्द्र व्यवस्थापकों को किया गया । केंद्रों आदि पर पुलिस बल की तैनाती, आपातकालीन चिकित्सा व्यवस्था के साथ-साथ निर्धारित परीक्षा केंद्रों के आस-पास, रेलवे स्टेशन एवं बस अड्डों पर एम्बुलेंस मय डॉक्टरों की टीम व दवाइयों की व्यवस्था सुनिश्चित कराई गई ।

इसके लिए मुख्य चिकित्साधिकारी को निर्देश दिए गए थे । बसों के संचालन के लिए भी कहा गया था । नीट रिएग्जाम कड़ी सुरक्षा के बीच कराया गया । एक एक सेंटर पर भारी पुलिस फोर्स रही । थ्री लेयर चेकिंग के बाद परीक्षार्थियों को प्रवेश दिया गया ।

कोचिंग संस्थानों को भी दायरे में लिया गया । इन पर विशेष निगाह रही । सुबह से ही सतर्कता शुरू हो गई । पेपर की निगरानी के लिए अलग से टीमें बनाई गई थीं । इंटेलिजेंस सिस्टम को सक्रिय किया गया । छात्रों के साथ शिक्षकों पर भी निगाह रखी गई ।

01:30 बजे के बाद किसी को भी सेंटर में प्रवेश नहीं मिला ।  पेपर दोपहर दो बजे से शुरू होकर 5:15 बजे तक चला ।