June 26, 2026

• 5 बार लगातार रहीं बिठूर नगर पंचायत अध्यक्ष।

संवाददाता 

कानपुर। बिठूर विधानसभा क्षेत्र से भाजपा विधायक अभिजीत सिंह सांगा की मां और बिठूर नगर पंचायत अध्यक्ष डॉ. निर्मला सिंह का निधन हो गया। वह 70 वर्ष की थीं। पिछले तीन महीनों से दिल्ली के एक अस्पताल में उनका उपचार चल रहा था। लीवर संक्रमण के चलते उन्हें भर्ती कराया गया था, जहां उन्होंने अंतिम सांस ली।

डॉ. निर्मला सिंह अपने पीछे तीन पुत्र और एक पुत्री का परिवार छोड़ गई हैं। उनके निधन की खबर मिलते ही क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।

डॉ. निर्मला सिंह बिठूर की राजनीति में तीन दशक से अधिक समय तक सक्रिय रहीं। वह पहली बार वर्ष 2002 में बिठूर नगर पंचायत अध्यक्ष चुनी गई थीं। इसके बाद लगातार पांच बार इस पद पर निर्वाचित हुईं और वर्तमान में भी नगर पंचायत अध्यक्ष के रूप में कार्यरत थीं।

पति डॉ. धीरेन्द्र सिंह के निधन के बाद उन्होंने राजनीतिक और सामाजिक जिम्मेदारियों को मजबूती से संभाला। राजनीति विज्ञान विषय में पीएचडी करने वाली डॉ. निर्मला सिंह ने जनसेवा को अपने जीवन का प्रमुख उद्देश्य बनाया।

डॉ. निर्मला सिंह के कार्यकाल में बिठूर के विकास को नई गति मिली। ऐतिहासिक और धार्मिक महत्व वाले बिठूर में घाटों के सौंदर्यीकरण, पर्यटक सुविधाओं के विस्तार और आधारभूत ढांचे को मजबूत करने के लिए कई योजनाएं संचालित की गईं।

स्थानीय लोगों के अनुसार उनके प्रयासों से बिठूर को प्रदेश के प्रमुख धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों में नई पहचान मिली। घाटों के विकास और नगर की सुविधाओं में सुधार को उनकी बड़ी उपलब्धियों में गिना जाता है।

परिजनों के अनुसार उनके निधन की सूचना मिलने के बाद विधायक अभिजीत सिंह सांगा दिल्ली के लिए रवाना हो गए थे। डॉ. निर्मला सिंह का पार्थिव शरीर बिठूर स्थित उनके आवास लाया जाएगा। अंतिम दर्शन के बाद बुधवार को बिठूर घाट पर उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।

डॉ. निर्मला सिंह के निधन पर भाजपा नेताओं, जनप्रतिनिधियों और स्थानीय लोगों ने गहरा दुख व्यक्त किया है। उनके निधन को बिठूर की राजनीति और सामाजिक जीवन के लिए बड़ी क्षति माना जा रहा है। लंबे समय तक जनप्रतिनिधि के रूप में सक्रिय रहीं डॉ. निर्मला सिंह को क्षेत्र में विकास कार्यों और जनता से सीधे संवाद के लिए याद किया जाता रहेगा।