• मृतकों की आत्मा की शांति के लिए रखा दो मिनट का मौन।

संवाददाता
कानपुर। लखनऊ के एक कोचिंग सेंटर में आग लगने की घटना में छात्रों की असामयिक मृत्यु पर शोक व्यक्त करते हुए कानपुर महानगर कांग्रेस ने तिलक हाल में श्रद्धांजलि सभा आयोजित की। कार्यक्रम का नेतृत्व जिलाध्यक्ष पवन गुप्ता ने किया। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कैंडल जलाकर दिवंगत छात्रों को श्रद्धांजलि अर्पित की और उनकी आत्मा की शांति के लिए दो मिनट का मौन रखा।
श्रद्धांजलि सभा में उपस्थित कांग्रेस पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने मृत छात्रों को भावभीनी श्रद्धांजलि दी। साथ ही शोक संतप्त परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए ईश्वर से उन्हें इस दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।
जिलाध्यक्ष पवन गुप्ता ने कहा कि यह घटना बेहद दुखद और चिंताजनक है। शैक्षणिक संस्थानों में सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन होना चाहिए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
उन्होंने कहा कि कानपुर में भी बड़ी संख्या में कोचिंग संस्थान संचालित हो रहे हैं। ऐसे में प्रशासन को यह सुनिश्चित करना चाहिए कि सभी संस्थानों में अग्नि सुरक्षा और अन्य जरूरी मानकों का पालन हो रहा है या नहीं।
पवन गुप्ता ने प्रशासन से घटना की निष्पक्ष जांच कराने और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कठोर कार्रवाई करने की मांग की। उन्होंने कहा कि छात्रों की सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जा सकता।
श्रद्धांजलि सभा में हरप्रकाश अग्निहोत्री, हमदुल्लाह मलिक, रवि तिवारी, पदम मोहन मिश्रा, राकेश साहू, प्रमोद गुप्ता, लल्लन अवस्थी, धर्मेंद्र सिंह, शंकर दत्त मिश्रा, हाजी कौसर, रवि बाजपेयी, राजू कश्यप, विनोद अवस्थी, राजेंद्र वाल्मीकि, मोहम्मद आफताब, बृजेश गुप्ता, आशिक अली समेत बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
सभी ने दिवंगत छात्रों को श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए उनके परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की।






