
संवाददाता
लखनऊ। एक बार फिर मामूली लक्ष्य भी लखनऊ सुपर जायंट्स के लिए पहाड़ साबित हुआ। 150 रनों का साधारण सा लक्ष्य होने के बावजूद टीम उसे हासिल करने में नाकाम रही और मैच मेहमान टीम के हाथ से फिसल गया।टीम प्रबंधन ने इस मुकाबले से पहले प्लेइंग इलेवन में कई बदलाव किए, बल्लेबाजी क्रम में फेरबदल किया और रणनीति भी बदली, लेकिन नतीजा वही पुराना रहा। शुरुआत से ही बल्लेबाज दबाव में नजर आए और नियमित अंतराल पर विकेट गिरते रहे। मिडिल ऑर्डर, जिससे उम्मीद थी कि वह पारी को संभालेगा, वह भी पूरी तरह फ्लॉप रहा।गेंदबाजों ने पहले तो कसी हुई गेंदबाजी कर विपक्षी टीम को बड़े स्कोर से रोका, लेकिन बल्लेबाजों की नाकामी ने सारी मेहनत पर पानी फेर दिया। टीम के बड़े नाम भी जिम्मेदारी निभाने में असफल रहे, जिससे हार और भी निराशाजनक बन गई।लगातार मिल रही असफलताओं के बीच यह हार टीम के आत्मविश्वास पर भी असर डाल सकती है। तमाम बदलावों के बावजूद लखनऊ सुपर जायंट्स की किस्मत नहीं बदल पा रही है, जो टीम प्रबंधन के लिए चिंता का विषय बन चुकी है।






