— 20 अभ्यर्थियों का अप्रेन्टिसशिप के लिए हुआ चयन।
संवाददाता
कानपुर। प्रशिक्षण एवं सेवायोजन निदेशालय, उत्तर प्रदेश के निर्देशानुसार राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान, पाण्डु नगर, कानपुर नगर में मंगलवार को रोजगार मेला आयोजित किया गया।
इस मेले में विभिन्न ट्रेडों के 40 अभ्यर्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। चयन प्रक्रिया के उपरांत टाटा प्लांट, लखनऊ के लिए 12 अभ्यर्थियों तथा ब्लू वर्ल्ड वॉटर पार्क, कानपुर के लिए 8 अभ्यर्थियों का चयन किया गया। इस प्रकार कुल 20 अभ्यर्थियों का विभिन्न प्रतिष्ठित संस्थानों में अप्रेंटिसशिप हेतु चयन हुआ।
इस मेले के दौरान अभ्यर्थियों को प्रधानमंत्री इंटर्नशिप योजना की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। उन्हें योजना के उद्देश्य, पात्रता, उपलब्ध इंटर्नशिप अवसरों तथा ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया से अवगत कराया गया। इसके साथ ही पात्र युवाओं को अधिकाधिक संख्या में योजना का लाभ उठाने हेतु आवेदन करने के लिए प्रेरित किया गया।
संस्थान के प्रधानाचार्य हरीश कुमार मिश्रा ने चयनित अभ्यर्थियों को शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि अप्रेंटिसशिप युवाओं को उद्योगों में व्यावहारिक प्रशिक्षण प्रदान करने के साथ-साथ रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराती है। उन्होंने युवाओं से ऐसे आयोजनों में बढ़-चढ़कर प्रतिभाग करने और अपने कौशल का विकास करने का आह्वान किया।
इस मेले के आयोजन में संस्थान के अधिकारियों एवं कर्मचारियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।






