कल हुई 15 मिनट की बारिश ने बढ़ाई उमस, आसमान साफ होने से निकली तेज धूप।
आज़ाद समाचार
June 19, 2026

संवाददाता
कानपुर। आज शहर में सुबह से तेज धूप निकली हुई थी। आसमान पूरी तरह साफ था । गर्मी और उमस ने सुबह से ही लोगों को परेशान करना शुरू कर दिया । मौसम विभाग ने तेज धूप के साथ तापमान 40 डिग्री तक जाने की संभावना जताई है। नमी के कारण हल्के बादल छा सकते और बूंदाबांदी हो सकती है।
गुरुवार दोपहर तेज धूप के बीच महज 15 मिनट की बारिश ने उमस बढ़ा दी। अधिकतम तापमान 39.6 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया।
गुरुवार की बात करें तो दोपहर बाद अचानक मौसम ने करवट ली और आसमान में घने बादल छा गए। इसके बाद शहर के कई हिस्सों में करीब 15 मिनट तक हल्की बारिश और बूंदाबांदी हुई। बारिश के साथ चली तेज हवाओं ने गर्मी से राहत दिलाई और तापमान में करीब 3 से 4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई।
हालांकि राहत ज्यादा देर तक नहीं टिक सकी। बारिश थमते ही गर्म जमीन से निकलने वाली नमी और भाप ने उमस को बढ़ा दिया। शाम होते-होते लोगों को चिपचिपी गर्मी का सामना करना पड़ा। देर शाम तक गर्म हवाओं से तो राहत रही, लेकिन बढ़ी हुई नमी ने लोगों को परेशान किए रखा। रात में भी उमस का असर बना रहा और लोग पसीने से तरबतर नजर आए। सीएसए की मौसम विभाग की रिपोर्ट के अनुसार न्यूनतम तापमान 27.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम विशेषज्ञ डॉ. एसएन सुनील पांडेय ने बताया कि नमी का प्रभाव बढ़ रहा है। जिसकी वजह से बूंदाबांदी व बादल छाने जैसी स्थितियां बन रही हैं। इस समय कई साइक्लोनिक सर्कुलेशन व यूपी के ऊपर बादलों की श्रंखला बनी हुई है। जिसकी वजह से बादल छा सकते हैं लेकिन बादल छंटने के बाद तेज धूप निकल सकती है। उमस से फिलहाल राहत मिलने के आसार कम हैं।





