May 1, 2026

संवाददाता
कानपुर। कल्याणपुर स्थित राजकीय बाल गृह से स्कूल पढ़ने गए दो छात्र पानी पीने के बहाने फरार हो गए। जब स्कूल से लौटते समय छात्रों की गिनती हुई तो दो बच्चे कम मिले। जांच में स्कूल के कई सीसीटीवी कैमरे बंद पाए गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने आसपास लगे कैमरों की फुटेज खंगाली, जिसमें दोनों छात्र रेलवे स्टेशन की ओर जाते दिखाई दिए। पुलिस ने फुटेज कब्जे में लेकर तलाश शुरू कर दी है।
राजकीय बाल गृह के सहायक अधीक्षक रतन सिंह वर्मा  के मुताबिक, 25 जून 2025 को 15 वर्षीय कार्तिक और 12 वर्षीय शिवा सिंह को बाल सुधार गृह लाया गया था। कार्तिक को फतेहपुर से और शिवा सिंह को दिल्ली से पुलिस ने बरामद किया था।
शिवा सिंह ने अपना मूल निवास फतेहपुर बताया था, जबकि कार्तिक नौबस्ता के गंगापुर का रहने वाला है। उसकी मां ज्योति शारीरिक रूप से दिव्यांग हैं और भीख मांगकर जीवनयापन करती हैं।
दोनों के परिजन उन्हें अपने साथ ले जाने को तैयार नहीं थे, जिसके चलते वे पिछले करीब आठ महीने से बाल गृह में रह रहे थे।
बाल गृह से रोजाना करीब 16 बच्चों को राजकीय आश्रम पद्धति विद्यालय पढ़ने भेजा जाता है। आज भी सुबह करीब 9:50 बजे छह बच्चे स्कूल गए थे।
दोपहर 12:30 बजे लंच के दौरान कार्तिक और शिवा सिंह पानी पीने के बहाने निकले और स्कूल की दीवार फांदकर फरार हो गए।
करीब 1:30 बजे जब बच्चों को वापस बाल गृह ले जाने के लिए गिनती हुई, तब दोनों के गायब होने का पता चला। स्कूल में तलाश करने के बावजूद कोई सुराग नहीं मिला।
घटना की सूचना 112 नंबर पर दी गई, जिसके बाद कल्याणपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। स्कूल के सीसीटीवी कैमरों की जांच की गई तो कई कैमरे खराब मिले।
इसके बाद पुलिस ने आसपास की दुकानों के कैमरे चेक किए। एक ज्वेलर्स की दुकान के सीसीटीवी में दोनों छात्र कल्याणपुर रेलवे स्टेशन की ओर जाते दिखाई दिए।
पुलिस ने सहायक अधीक्षक की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया है और दो टीमों को बच्चों की तलाश में लगाया गया है। एसीपी कल्याणपुर आशुतोष कुमार ने बताया कि दोनों छात्र एक कैमरे में स्टेशन की ओर जाते दिखे हैं। उनकी तलाश तेजी से की जा रही है और जल्द ही उन्हें सकुशल बरामद कर लिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related News