May 20, 2026

संवाददाता
कानपुर।  मेले में आयोजित किए गए हरिश्चंद्र नाटक के  मंचन के दौरान ग्रामीणों और पुलिस के बीच कहासुनी हो गई। देखते ही देखते दोनों पक्षों में मारपीट होने लगी। ग्रामीणों ने पुलिसकर्मियों पर ईंट-पत्थर से हमला कर दिया। इससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। हमले में पीएसी के 2 जवान घायल हो गए।
पुलिस के अनुसार नाटक हरिश्चंद्र का मंचन चल रहा था, तभी कुछ युवक शराब के नशे में मंच पर चढ़ गए। वहां पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने उन्हें रोकने की कोशिश की। इसी बात को लेकर युवकों और पुलिस के बीच विवाद शुरू हो गया। मामला इतना बढ़ गया कि मारपीट होनी लगी।
सूचना मिलते ही अतिरिक्त पुलिस बल मौके पर पहुंचा और स्थिति को नियंत्रित किया। इसके बाद दोनों जवानों को अस्पताल पहुंचाया गया। इनमें एक जवान की हालत गंभीर है। गांव में तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। पुलिस ने आरोपियों पर मुकदमा दर्ज करके 3 लोगों को हिरासत में लिया है।। यह घटना नवाबगंज थाना क्षेत्र के बनियापुरवा गंगा कटरी की है।
नवाबगंज थाना क्षेत्र के गंगा किनारे स्थित बनियापुरवा गंगा कटरी गांव में हर साल मां दुर्गा, मां काली और मां जंगली की पूजा के अवसर पर मेले का आयोजन किया जाता है। इसी क्रम में मेला, लोक कला और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया गया था। सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए मौके पर पुलिस और पीएसी बल की ड्यूटी लगाई गई थी।
कार्यक्रम के दौरान हरिश्चंद्र नाटक का मंचन चल रहा था। रात करीब 12:30 बजे 4 से 5 युवक शराब के नशे में मंच पर चढ़ गए। वहां तैनात पीएसी जवानों ने उन्हें मंच से नीचे उतरने के लिए कहा। युवक नीचे उतर तो गए, लेकिन वहां भी नाचने लगे, जिससे मंचन कर रहे कलाकार डर गए और कार्यक्रम में व्यवधान उत्पन्न हो गया।
इसी बात को लेकर पुलिसकर्मियों और युवकों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि 10 से 15 लोग एकजुट होकर पीएसी जवान अमर सिंह पर टूट पड़े। आरोप है कि ग्रामीणों ने जवान पर ईंट-पत्थरों से हमला कर दिया, जिससे अमर सिंह गंभीर रूप से घायल होकर बेहोश हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही अतिरिक्त पुलिस बल मौके पर पहुंचा और हालात को नियंत्रित किया गया। इसके बाद घायल जवान को तुरंत लाला लाजपत राय अस्पताल भेजा गया। एक अन्य पुलिसकर्मी को भी चोटें आई हैं।
गांव में तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और हमलावरों की पहचान करके आगे की कार्रवाई की जा रही है।
उपनिरीक्षक राहुल कुमार ने बताया कि प्लाटून कमांडर प्रणव की तहरीर पर नवाबगंज थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है। मौके से 3 लोगों को हिरासत में लिया गया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related News