
संवाददाता
कानपुर। मौसम विभाग की तरफ से जारी बारिश के ऑरेंज अलर्ट के बाद भी बारिश नहीं हुई। बल्कि कड़ी धूप ने लोगों को परेशान कर दिया। अधिकतम तापमान 38 डिग्री तक पहुंच गया।
आज भी आंधी-बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया गया है। हालांकि तेज हवाओं ने कुछ राहत जरूर दी। सोमवार सुबह से बादल छाए हुए थे। कड़ी धूप से लोगों को राहत मिली है।
दिन में निकली कड़ी धूप ने अधिकतम तापमान को चढ़ा दिया। तापमान 38.2 डिग्री दर्ज किया गया। वहीं न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ। हवा की औसत गति 3.5 किमी प्रति घंटा रही। यदि पूर्वी हवाओं ने जोर मारा तो आंधी-पानी की संभावना अधिक रहेगी।
इस सीजन में पहला मौका है जब पूरे प्रदेश के लिए मौसम की चेतावनी जारी की गई है। वैसे कानपुर छोड़ अब तक प्रदेश के कई अन्य जिलों में आंधी-पानी से मौसम बदल चुका है।
पश्चिमी विक्षोभ और आधा दर्जन परिसंचरणो के कारण मौसमी उथल पुथल का दौर पहली मई को शुरू हुआ था, जो अब तक जारी है।
इसके 7 से 8 मई तक जारी रहने की संभावना है। 6 मई से पूरे प्रदेश में यह गतिविधियां या तो खत्म हो जाएंगी या सीमित क्षेत्र में रह जाएंगी। यदि फिर कोई नया विक्षोभ आता है तो फिर गतिविधियां बदल सकती हैं।
मौसम विशेषज्ञ डॉ. एसएन सुनील पांडेय ने बताया कि हवाएं स्थिर नहीं हैं। इस कारण कानपुर में बारिश नहीं हो पा रही है। यदि कोई बदलाव की स्थिति नहीं हुई तो आज आंधी-बारिश की पूरी संभावना है। 6 मई के लिए कानपुर समेत आसपास के जिलों में में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।