
संवाददाता
कानपुर। पूरे यूपी में मौसम को लेकर उथल-पुथल जारी है। आज जहां 20 से ज्यादा जिलों में आंधी-बारिश को लेकर अलर्ट है। वहीं कानपुर मंडल में बादलों की आवाजाही बढ़ सकती है।
शनिवार को छाए बादलों के छंटने के बाद तापमान ने रफ्तार पकड़ ली थी। दो दिन में 3.5 डिग्री की बढ़ोत्तरी दर्ज की गई।
केवल रात को चली हवाओं ने गर्मी और उमस से लोगों को थोड़ी राहत दी। जहाँ न्यूनतम तापमान 25.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं अधिकतम तापमान 42.2 डिग्री दर्ज किया गया। मौसम विभाग के मुताबिक 21 मई तक बादलों की आवाजाही बनी रहेगी।
मौसम विशेषज्ञ डॉ. अनिरुद्ध दुबे ने बताया कि उतार-चढ़ाव जारी रहेगा। राजस्थान से आ रही गर्म हवाएं लोगों को अब गर्मी से राहत नहीं मिलने देंगी। मौजूदा स्थितियों में दिन के तापमान में लगातार वृद्धि हो रही है। यह क्रम 12 मई को शुरू हुआ था जो अब तक जारी है।
मौसम विज्ञान विभाग के मुताबिक लू की गति 25-35 किमी प्रति घंटा पहुंच सकती हैं। मौसम बेहद शुष्क हो सकता है। नमी का प्रतिशत गिरेगा। हीट स्ट्रोक की संभावना अधिक होगी। पूर्वी उत्तर प्रदेश का इलाका पश्चिमी क्षेत्र के मुकाबले अधिक धधक रहा है। पश्चिमी प्रदेश के कई जिलों में आंधी-पानी का असर होने से वहां के कुछ ही जिलों में तापमान तेजी से चढ़ा है।