June 16, 2025

—गोकशों के घर पर चला बुलडोजर।

संवाददाता

कानपुर।  ककवन थाना क्षेत्र में गोमांश बिक्री की जानकारी होने के बाद भी चौकी इंचार्ज ने कोई एक्शन नहीं लिया। इसके बाद ग्रामीणों ने खुद ही मोर्चा संभाला और गोवंश काटने वाले चार आरोपियों को दौड़ा-दौड़ा कर पीटा। इसके बाद उन्हें ककवन थानेदार के हवाले कर दिया। 

पुलिस के खिलाफ आक्रोशित ग्रामीणों के हंगामे पर ककवन एसओ और बिल्हौर एसीपी मौके पर पहुंचे। विधायक ने भी पुलिस की साठगांठ पर आपत्ति जताई। इसके बाद तत्काल प्रभाव से चौकी इंचार्ज को सस्पेंड कर दिया गया। गोकशों के घर का एक बड़ा हिस्सा बुलडोजर से ढहा दिया गया।
ककवन थाना क्षेत्र में बिषधन पुलिस चौकी से मात्र एक किलोमीटर दूर खेड़ा गांव में गोकशी करके खुले आम गोमांस बेचा जा रहा था। ग्रामीणों ने गांव के साबिर के घर में गोकशी होने की जानकारी पुलिस को दी। विषधन चौकी इंचार्ज अतुल यादव ने इसके बाद भी कोई एक्शन नहीं लिया। इससे आक्रोशित ग्रामीणों ने चार गोकशों को दौड़ा-दौड़ा कर पीटा इसके बाद ककवन थाने ले जाकर पुलिस के हवाले कर दिया। चौकी इंचार्ज की गोकशों के साथ संलिप्तता का आरोप लगाकर ग्रामीणों ने जमकर हंगामा काटा।
मामले की जानकारी मिलते ही बिल्हौर विधायक राहुल बच्चा सोनकर भी मौके पर पहुंचे। हंगामा-बवाल बढ़ता देखकर ककवन थाना प्रभारी धर्मेन्द्र गुप्ता और एसीपी बिल्हौर अमरनाथ यादव मौके पर पहुंचे। एसीपी ने बताया कि गोकशी में पकड़े गए विषधन खेड़ा गांव के रहने वाले समीन, सहनवाज, साबिर अली और उन्नाव बांगरमऊ निवासी साहिल को अरेस्ट कर लिया गया है। चारों के खिलाफ गोकशी की एफआईआर दर्ज की गई है। मौके पर पहुंची फोरेंसिक टीम ने भी गोमांस का सैंपल लिया और जांच के लिए भेजा। 

एसीपी बिल्हौर अमरनाथ यादव ने बताया कि डेढ़ से दो कुंतल प्रतिबंधित मांस बरामद हुआ है। इस दौरान ग्रामीणों ने जमकर हंगामा किया। हंगामे की सूचना पर विधायक राहुल बच्चा सोनकर, मंडल अध्यक्ष सानू राठौर सहित कई भाजपाई मौके पर पहुंच गए। घटना की जानकारी के बाद मौके पर पहुंची भारी भीड़ में गोकशों के प्रति आक्रोश देखने को मिला। प्रतिबंधित मांस नष्ट करने के बाद जेसीबी के जरिए आरोपी के घर का एक बड़ा हिस्सा जमींदोज कर दिया गया। घटना के बाद मामले में लापरवाही को देखते हुए चौकी इंचार्ज अतुल यादव को सस्पेंड कर दिया गया।