June 20, 2025

संवाददाता

कानपुर । स्वरूप नगर थाना क्षेत्र के मोतीझील स्थिति नगर निगम अधिकारी के बंगले में एक मेड का शव मिलने से हड़कंप मच गया। अधिकारी जब अपनी ड्यूटी से रात में घर लौटे तो अंदर से दरवाजा बंद था। काफी खटखटाने के बाद भी जब अंदर से कोई उत्तर नहीं मिला तो अधिकारी ने पुलिस को घटना की जानकारी दी।
स्वरूप नगर पुलिस मौके पर पहुंची और बंगले का दरवाजा तोड़ कर अंदर घुसी। जब अंदर देखा गया तो कमरे की फर्श पर महिला का शव पड़ा था और आसपास खून पड़ा हुआ था। पुलिस ने घटना स्थल का निरीक्षण करने के बाद शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।
विकास नगर काकादेव निवासी रेश्मा देवी पिछले कई वर्षों से मोतीझील स्थित नगर निगम में तैनात एई के बंगले में चौका बर्तन का काम करती थी। रेश्मा के पति बाबू राम राज मिस्त्री हैं। परिवार में दो बेटे अनिल और अरुण है। दो बेटियों की शादी हो चुकी हैं।
रोज की तरह रेश्मा खाना बनाने के लिए नगर निगम के एई के घर गई थी। इसके बाद वह अपने घर नहीं पहुंची। इधर रात में अधिकारी जब अपने बंगले पर पहुंचे तो अंदर से दरवाजा बंद पड़ा था।
पुलिस जब दरवाजा तोड़ कर अंदर घुसी तो देखा की फर्श पर रेश्मा का शव पड़ा हुआ हैं। आसपास खून पड़ा था। बेटे अरुण ने बताया कि मां को टीबी की बीमारी थी। उनको खून की उल्टी होती थी।
इंस्पेक्टर सूर्यबली पांडेय ने बताया कि प्रथम दृष्टया जांच में पता चला है कि महिला को टीबी की बीमारी थी और उसको उल्टी हुई थी। ऐसा प्रतीत होता है कि वो वॉश बेसिन के पास मुंह धोने के लिए गई थी, तभी वह गिर पड़ी इसके बाद उठ नहीं पाई। पुलिस जब अंदर घुसी तो वॉश ‌बेसिन में खून लगा था और नल चल रहा था।