May 4, 2026

संवाददाता
कानपुर।  चकेरी में संदिग्ध परिस्थितियों में बस ड्राइवर की मौत हो गई। पुलिस ने घटना की जांच करते हुए शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
बस ड्राइवर विपिन दोपहर को घर से बस डिपो जाने के लिए निकले थे, लेकिन कुछ देर बाद ही उनकी मौत की सूचना मिली।
चकेरी थाना क्षेत्र के अहिंरवा चकेरी निवासी विपिन कुमार रोडवेज बस के ड्राइवर थे। परिवार में पत्नी पिंकी बेटा मुकुल व चार भाई रामबाबू, राजू, धर्मेन्द्र के बाद मृतक सबसे छोटा था। बड़े भाई राजू ने बताया की विपिन दोपहर को करीब तीन बजे घर से चकेरी बस डिपो जाने के लिए निकले थे । वह सरकारी इलेक्ट्रिक बस चलाता था। घर से निकलने के बाद करीब 3:20 मिनट पर वह डिपो के अंदर जाते दिखे हैं।
करीब 20 मिनट बाद ही डिपो के एक कर्मचारी ने उन्हें फोन करके बताया की विपिन की अचानक तबियत खराब हो गई। जानकारी मिलते ही वह अपने अन्य भाइयों के साथ मौके पर पहुंचे और बस से ही उन्हें काशीराम हॉस्पिटल लेकर पहुंचे जहां डॉक्टरो ने उन्हें देखते ही मृत घोषित कर दिया।
मृतक के बड़े भाई राजू ने बताया की घर से ज़ब विपिन निकला था तो खाना खाकर निकला था वह पूरी तरह ठीक था। और डिपो पहुंचते ही अचानक उसकी तबियत खराब हो गई और उसकी मौत हो गई। इसलिए उनको घटना संदिग्ध प्रतीत हो रही है। उन्होंने कहा की पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर वह थाने में तहरीर लिखकर देंगे और घटना की निष्पक्ष जांच कराएंगे।
चकेरी थाना प्रभारी अजय प्रकाश मिश्रा ने बताया कि अभी तक परिजनों कि ओर से कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर उचित कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related News