May 4, 2026

• 2 ट्रेने रिजर्व, क्यूआरटी गठित, सीसीटीवी से निगरानी।


संवाददाता
कानपुर।  नगर में हो रही नीट और होने जा रही टीजीटी परीक्षाओं को देखते हुए रेलवे प्रशासन ने कानपुर सेंट्रल स्टेशन पर विशेष इंतजाम किए हैं।
रविवार की नीट परीक्षा और 9 व 10 मई को होने वाली यूपी टीजीटी भर्ती परीक्षा के मद्देनजर स्टेशन पर सुरक्षा और भीड़ नियंत्रण के लिए अलर्ट जारी किया गया है।
रेलवे प्रशासन ने यात्रियों और परीक्षार्थियों की सुविधा के लिए कानपुर सेंट्रल स्टेशन पर दो मेमू रिजर्व ट्रेनें यार्ड में खड़ी कर दी हैं। जरूरत पड़ने पर इन ट्रेनों को तुरंत चलाया जाएगा, ताकि भीड़ को नियंत्रित किया जा सके और परीक्षार्थियों को उनके गंतव्य तक पहुंचाया जा सके।
इसके साथ ही आरपीएफ और जीआरपी ने संयुक्त रूप से सुरक्षा दस्ता गठित किया है। सुरक्षा टीमों को प्लेटफॉर्म, फुटओवर ब्रिज, टिकट काउंटर, प्रवेश द्वार और आउटर क्षेत्र तक तैनात किया गया है। क्यूआरटी यानी क्विक रिस्पांस टीम की 10 संयुक्त टीमें चौबीस घंटे सक्रिय रहेंगी।
आरपीएफ पोस्ट प्रभारी एसएन पाटीदार और जीआरपी प्रभारी ओम नारायण सिंह ने बताया कि सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए आरएसए टीमों को भी अलग-अलग प्लेटफॉर्मों और फुटओवर ब्रिज पर लगाया गया है। स्टेशन परिसर की निगरानी सीसीटीवी कैमरों के जरिए लगातार की जा रही है।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार विशेष मॉनिटरिंग की जा रही है। यदि स्टेशन पर परीक्षार्थियों की संख्या अधिक बढ़ती है तो तत्काल सुरक्षा प्लान लागू किया जाएगा। इसके अलावा स्टेशन पर एक रिजर्व दस्ता भी तैनात रहेगा।
यात्रियों और परीक्षार्थियों की सहायता के लिए हेल्पलाइन नंबर भी जारी किए गए हैं। यात्री रेलवे हेल्पलाइन 139, जीआरपी नंबर 9454404416 और आरपीएफ नंबर 9794837346 पर संपर्क कर सकते हैं।
रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से शांति बनाए रखने और नियमों का पालन करने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related News