May 20, 2026

संवाददाता
कानपुर।  बिल्हौर क्षेत्र में कानपुर-अलीगढ़ हाईवे पर सोमवार सुबह दर्दनाक हादसे में पिता-पुत्र की जान चली गई। अरौल इलाके में सड़क किनारे खड़ी डीसीएम में तेज रफ्तार बाइक पीछे से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों को सीएचसी पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया।
ककवन थाना क्षेत्र के फत्तेपुर गांव निवासी कमलेश कुमार बाथम अपने बेटे अंकुर के साथ कन्नौज के छिबरामऊ स्थित अर्जुनपुर गांव में रिश्तेदारी की शादी में शामिल होने गए थे। सोमवार सुबह दोनों बाइक से घर लौट रहे थे। बाइक अंकुर चला रहा था, जबकि पिता पीछे बैठे थे।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अरौल में जीपीआरडी महाविद्यालय के पास पहुंचते ही बाइक तेज रफ्तार के कारण अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे खड़ी डीसीएम में पीछे से जा टकराई। टक्कर के बाद दोनों उछलकर सड़क पर गिर पड़े। अंकुर का हेलमेट भी टूटकर दूर जा गिरा। सिर में गंभीर चोट लगने से दोनों की हालत बेहद नाजुक हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और एंबुलेंस से दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया, लेकिन जांच के बाद डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। हादसे की खबर मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंचे और शव देखते ही बिलख पड़े।
परिजनों ने बताया कि कमलेश खेती-बाड़ी करके परिवार का पालन-पोषण करते थे। परिवार में पत्नी गुड्डी देवी, बड़े बेटे राहुल, मंझले बेटे अंकित और विवाहित बेटी दीपा हैं। शाम को अंकित का तिलक समारोह होना था। कमलेश उसी कार्यक्रम के लिए छेना लेकर घर लौट रहे थे, लेकिन उससे पहले ही हादसे ने पूरे परिवार की खुशियां छीन लीं।
बड़े बेटे राहुल ने बताया कि सोमवार सुबह करीब पांच बजे पिता का फोन आया था। उन्होंने कहा था कि वे जल्द घर पहुंच रहे हैं। परिवार के लोग उनके इंतजार में थे, लेकिन कुछ ही देर बाद हादसे की खबर आ गई।
इंस्पेक्टर जनार्दन सिंह यादव ने बताया कि तेज रफ्तार बाइक खड़े मिनी ट्रक डीसीएम से टकराई है। हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज करके आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related News