
संवाददाता
कानपुर। नगर के बिजली उपभोक्ताओं का आरोप है कि स्मार्ट मीटर रिचार्ज कराने के बावजूद माइनस बैलेंस दिखा रहा है, जिससे उन्हें परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
इसलिए स्मार्ट मीटर की शिकायत लेकर उपभोक्ता प्रार्थना पत्र देने के लिए थाने पहुंच गए। उनका आरोप है कि बिल जमा होने के बाद भी बिजली चली जाती है।
बर्रा थाना क्षेत्र के विश्वबैंक ई -ब्लॉक के उपभोक्ताओं की स्मार्ट मीटर की तकनीकी खामियों की समस्या को लेकर जनता के साथ सपा नेता अर्पित यादव भी पहुंच गए।
नाराज उपभोक्ता बर्रा थाने पहुंचे और जीनियस कंपनी के खिलाफ शिकायत दर्ज कर कार्रवाई की मांग की।
उपभोक्ताओं ने कहा कि मीटर की खामियों के कारण उन्हें बार-बार रिचार्ज करना पड़ रहा है, जबकि वास्तविक खपत उससे कम है। उन्होंने स्मार्ट मीटर हटाकर पोस्टपेड मीटर लगाने की मांग की।
प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे और उन्होंने प्रशासन से जल्द समाधान की मांग की। वहीं पुलिस ने शिकायत लेकर मामले की जांच का आश्वासन दिया है।






