March 17, 2025

संवाददाता।
कानपुर। देश के रक्षामंत्री राजनाथ सिंह के धार्मिक गुरु कानपुर में निवास करते हैं। राजनीति और व्यक्तिगत जीवन से जुड़े फैसले वे अपने गुरु हरिदास महाराज से पूछे बिना नहीं करते हैं। राजनाथ हर चुनाव से पहले अपने गुरु से मिलने कानपुर जरूर आते हैं। कल यानि शनिवार को राजनाथ सिंह अपने गुरु से मिलने के लिए कानपुर पहुंच रहे हैं। राजनाथ सिंह के तय कार्यक्रम के अनुसार कल शाम करीब साढ़े 5 बजे चकेरी एयरपोर्ट पर उतरेंगे। इसके बाद वे सीधे हरिहर धाम पहुंचेंगे। यहां से वे सर्किट हाउस के लिए रवाना होंगे। इसके बाद वे हरजेंदर नगर स्थित विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना के आवास पर रात करीब 8 बजे डिनर करने के लिए पहुंचेंगे। रात सर्किट हाउस में रुकने के बाद वे 14 जनवरी को सुबह 11 बजे आर्म्ड फोर्सेस के वेट्रन डे सेलिब्रेशन में चकेरी एयरफोर्स स्टेशन में शामिल होंगे। दोपहर सवा 12 बजे लखनऊ के लिए रवाना हो जाएंगे। राजनाथ सिंह हर मौके पर अपने गुरु को याद करना नहीं भूलते। दुख हो या फिर सुख, वह अपने गुरु हरिदास महाराज के नजदीक जरूर दिखाई देते हैं। यूपी के मुख्यमंत्री बनने पर राजनाथ सबसे पहले आशीर्वाद लेने अपने गुरु के पास आए थे। हर चुनाव से पहले राजनाथ सिंह अपने गुरु का आशीर्वाद लेना नहीं भूलते हैं। 2014 में गृह मंत्री और 2019 में रक्षा मंत्री बनने के बाद भी वह आश्रम आना नहीं भूले थे। हरदोई जिले के सवायजपुर गांव के रहने वाले संतोष कुमार द्विवेदी 80 के दशक में संन्यास लेकर साधु बन गए थे। उनके शिष्य उनको हरिदास महाराज के नाम से पुकारते हैं। उन्होने कानपुर के श्याम नगर में 90 के दशक में एक आश्रम बनवाया। यहां साल भर धार्मिक और सामाजिक कार्य होते रहते हैं। हरिदास महाराज ने गांव में एक कन्या महाविद्यालय और आंखों का अस्पताल भी बनवाया है। उनकी दो बेटियां हैं, जिनमें से एक आंखों की डॉक्टर हैं। दोनों ही बेटियों की शादी हो चुकी है। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *