June 21, 2026

संवाददाता
कानपुर। खेलों के क्षेत्र में करियर बनाने का सपना देख रहे युवाओं के लिए अच्छी खबर है।  कानपुर मंडल के क्षेत्रीय क्रीड़ाधिकारी की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, मेजर ध्यानचंद स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी, मेरठ ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए विभिन्न स्नातक, स्नातकोत्तर एवं डिप्लोमा पाठ्यक्रमों में प्रवेश प्रक्रिया शुरू कर दी है। इच्छुक अभ्यर्थी विश्वविद्यालय की वेबसाइट के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
विश्वविद्यालय में बैचलर ऑफ फिजिकल एजुकेशन एंड स्पोर्ट्स में 50 सीटें, बी.एससी. योगा में 40 सीटें तथा एम.एससी. योगा में 20 सीटें निर्धारित की गई हैं। इसके अलावा स्पोर्ट्स जर्नलिज्म एवं मास कम्युनिकेशन में एक वर्षीय पीजी डिप्लोमा पाठ्यक्रम के लिए 15 सीटें उपलब्ध हैं।
खेल प्रशिक्षण के इच्छुक युवाओं के लिए भी विश्वविद्यालय ने विशेष व्यवस्था की है। एथलेटिक्स, बैडमिंटन, बॉक्सिंग, इक्वेस्ट्रियन, हॉकी, कबड्डी, कुश्ती और योग जैसे खेलों में एक वर्षीय पीजी डिप्लोमा इन स्पोर्ट्स कोचिंग संचालित किया जाएगा, जिसमें प्रत्येक खेल विधा के लिए 15 सीटें निर्धारित हैं।
क्षेत्रीय क्रीड़ाधिकारी कार्यालय ने युवाओं से अपील की है कि वे समय रहते आवेदन प्रक्रिया पूरी करें और खेल शिक्षा के क्षेत्र में उपलब्ध इस अवसर का लाभ उठाएं। विश्वविद्यालय की ओर से पाठ्यक्रमों एवं प्रवेश संबंधी विस्तृत जानकारी आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध कराई गई है। खेल, योग, मीडिया और कोचिंग के क्षेत्र में भविष्य बनाने के इच्छुक छात्रों के लिए यह एक महत्वपूर्ण अवसर माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *