May 13, 2026

संवाददाता
कानपुर। शहर में मौसम ने एक बार फिर अपना मिजाज बदल लिया है। पिछले दो दिनों से तेज धूप और  हवाओं ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। रविवार को भी सूरज सुबह से ही आग उगलता नजर आया। लगातार दूसरे दिन तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई, जिससे दोपहर के समय  शहर की सड़कों पर रोज की अपेक्षा सन्नाटा पसरा रहा। जहां दिन का तापमान 37 डिग्री रिकॉर्ड किया गया तो वही न्यूनतम तापमान भी 21रहा जो सामान्य से 3 डिग्री अधिक दर्ज किया गया।
रविवार को जैसे-जैसे दिन चढ़ता गया तेज धूप का असर देखने को मिला और  गर्मी की तपिश भी बढ़ती चली गई। दोपहर में हालात ऐसे रहे मानो आसमान से आग बरस रही हो। तेज धूप और उमस ने लोगों को बेहाल कर दिया। बाजारों और प्रमुख चौराहों पर आम दिनों की तुलना में भीड़ कम नजर आई।
मौसम विभाग के अनुसार अधिकतम तापमान में लगातार दूसरे दिन वृद्धि दर्ज की गई। दिन का तापमान सामान्य से ऊपर पहुंचने के कारण गर्मी का असर और अधिक महसूस किया गया।
विशेषज्ञों का कहना है कि अगले कुछ दिनों तक तेज धूप और गर्म हवाओं से राहत मिलने के आसार कम हैं। दोपहर के समय लू जैसे हालात भी बन सकते हैं।हालांकि इस साल मई के महीने की शुरुआत लोगों के लिए राहतभरी रही। दो मई से शुरू हुआ ज्येष्ठ का महीना भी सावन जैसा एहसास कराता नजर आया, लेकिन अब मौसम तेजी से करवट ले रहा है। आने वाले दिनों में गर्मी अपने तीखे तेवर दिखा सकती है। बीते 48 घंटों में दिन के तापमान में 8.2 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई है।
सीएसए के मौसम केंद्र के अनुसार रविवार को अधिकतम तापमान 37.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 2.6 डिग्री कम रहा। दो दिन पहले यही तापमान 29 डिग्री सेल्सियस था।
सुबह से मौसम साफ रहने के कारण तेज धूप निकली। सुबह 10 बजे तक धूप का असर हल्का रहा, लेकिन 11 बजे के बाद सूरज के तेवर तीखे हो गए और लोगों को गर्मी का एहसास होने लगा। धूप से बचने के लिए लोग गमछा और कपड़े से चेहरा ढंककर घरों से निकले। सड़क पर निकलने वाले लोग जगह-जगह छांव तलाशते नजर आए। शाम 4:30 बजे तक तेज धूप और गर्म हवाओं ने लोगों को परेशान किया।
दिन के साथ-साथ रात का तापमान भी लगातार बढ़ रहा है। दो दिन पहले तक रात में लोगों को चादर ओढ़ने की जरूरत पड़ रही थी, लेकिन अब मौसम बदल गया है। बीते 24 घंटों में न्यूनतम तापमान 5.8 डिग्री बढ़कर 24 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। रात में तापमान बढ़ने से लोगों को उमस और बेचैनी महसूस होने लगी है। हालांकि बीच-बीच में चल रही हवाओं से कुछ राहत जरूर मिल रही है।
मौसम विशेषज्ञ डॉ. एसएन सुनील पांडेय के अनुसार आने वाले दिनों में तापमान में एक से दो डिग्री सेल्सियस तक की क्रमिक बढ़ोतरी हो सकती है। उन्होंने बताया कि 11 मई को जम्मू-कश्मीर के पास एक वेस्टर्न डिस्टरबेंस सक्रिय होगा, लेकिन उसका असर उत्तर प्रदेश में देखने को नहीं मिलेगा। हालांकि, इसके प्रभाव से हल्के बादल छा सकते हैं, लेकिन फिलहाल बारिश की कोई संभावना नहीं है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *