April 29, 2026

संवाददाता
कानपुर।
  घाटमपुर सर्किल के सजेती में एक गंभीर घटना हुई। ग्रामीणों ने दो युवकों को बदमाश समझकर पकड़ लिया और उन्हें पीट दिया। सूचना मिलने पर पुलिस फोर्स मौके पर पहुंची और दोनों युवकों को ग्रामीणों के चंगुल से छुड़ाकर थाने ले गई।
सजेती थाना प्रभारी अवधेश कुमार ने बताया कि रात को करीब सौ ग्रामीणों ने युवकों को घेर लिया था। पूछताछ में पता चला कि पीटे गए युवक प्रदीप पासवान और मानसिक रूप से बीमार सईद थे। दोनों पतारी गांव के रहने वाले हैं और भदवारा गांव में रिश्तेदारी में जा रहे थे।
पुलिस के अनुसार प्रदीप नशे की हालत में चंदापुर गांव पहुंच गया। वहां के लोगों ने उन्हें देखकर बदमाश समझ लिया। युवक बार-बार यह कह रहे थे कि वे रिश्तेदारी में जा रहे हैं, लेकिन देर रात होने के कारण किसी ने उनकी बात नहीं सुनी।
पुलिस ने मामले की जांच पूरी कर दोनों युवकों को उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया। 

थाना प्रभारी ने ग्रामीणों से अफवाहों पर ध्यान न देने और किसी अनजान व्यक्ति को तुरंत संदिग्ध समझकर कार्रवाई न करने की अपील की। उन्होंने बताया कि क्षेत्र में ड्रोन उड़ने की अफवाहों के चलते लोग अधिक सतर्क और संदेहशील हो गए हैं। 

Related News