April 20, 2026

संवाददाता 
कानपुर।
दिन पर दिन बढ़ रही गर्मी अब अपने तेवर दिखाने लगी है। दिन चढ़ते ही तेज धूप और तपिश लोगों को बेहाल कर रही है। दोपहर के समय हालात ऐसे रहते है कि मानो लू चल रही हो। सड़कों पर निकले लोग सिर को कपड़े या गमछे से ढककर बचाव करते नजर आए।
गर्म हवाओं से बचाने के लिए छोटे बच्चों को तौलिया में लपेटकर बाहर ले जाया गया। बाजारों और चौराहों पर दोपहर के समय सन्नाटा पसरा रहा, क्योंकि लोग जरूरी काम होने पर ही घरों से निकले।
शुक्रवार को अधिकतम तापमान 40.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 2.4 डिग्री अधिक था ।
वहीं न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस रहा।
मौसम विशेषज्ञ डॉ. एसएन सुनील पांडेय के मुताबिक  आसमान में हल्के बादल छाने की संभावना है। इससे तापमान में थोड़ी राहत मिल सकती है, हालांकि गर्मी से पूरी तरह राहत मिलने के आसार फिलहाल नहीं हैं। आने वाले दिनों में भी तापमान बढ़ने की संभावना है।
डॉ. प्रवीण कटियार ने लोगों को दोपहर के समय अनावश्यक बाहर न निकलने, पर्याप्त पानी पीने और सिर ढककर घर से बाहर निकलने की सलाह दी है। उन्होंने कहा कि सांस लेने या पेट में किसी भी तरह की दिक्कत होने पर तुरंत डॉक्टर को दिखाएं। 

इसके साथ ही तली-भुनी चीजें खाने से बचने की भी सलाह दी गई है।