
संवाददाता
कानपुर। पिछले माह 26 मार्च की रात हनुमंत विहार में पूर्व भाजपा विधायक रघुनंदन सिंह भदौरिया के ई-बाइक शोरूम में चोरी करने वाले अधेड़ राम नरेश संखवार को 20 दिन बाद पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी नशे का लती है, जिसे पूरा करने के लिए उसने वारदात को अंजाम दिया था।
अधेड़ चोरी की फिराक में घूम रहा था, जिस पर पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर उसे हमीरपुर रोड से धर दबोचा।
जरौली स्थित शांती इंक्लेव निवासी पूर्व विधायक रघुनंदन सिंह भदौरिया का हमीरपुर रोड पर ई-रिक्शा और बाइक शोरूम हैं, जिसे उनका बेटा हिमांशु देखता है। पूर्व विधायक के शोरूम से बीते 26 मार्च की देर रात चोर बगल के खाली प्लाट में खड़े नीम के पेड़ से चढ़कर शोरूम की छत पर पहुंचा। इसके बाद टीनशेड काटकर शोरूम के अंदर आया, इसके बाद शोरूम का गोलक तोड़कर उसमें रखे पांच हजार रुपये नकद पार कर ले गया था।
27 मार्च की सुबह पूर्व विधायक का बेटा हिमांशु शोरूम पहुंचा तो देखा कि सामान अस्त-व्यवस्त पड़ा था। इसके बाद उन्हें और पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंचकर पुलिस ने देखा तो चोर सीसीटीवी फुटेज में कैद हो गया था।
हनुमंत विहार थाना प्रभारी राजीव कुमार सिंह ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर घाटमपुर के कठेठा निवासी राम नरेश संखवार को गिरफ्तार किया गया है।
थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपी चोरी की फिराक में था, जिस पर पुलिस टीम ने उसे हमीरपुर रोड स्थित भदौरिया ऑटो मोबाइल के पास से गिरफ्तार किया है। आरोपी नशे का लती थी, जिस कारण उसने वारदात को अंजाम दिया था।






