April 22, 2026

संवाददाता 
कानपुर।
दिन में निकल रही तेज धूप ने लोगों को बेहाल कर दिया है। सड़कों पर निकलने वाले लोग चेहरे को कपड़े से ढककर ही बाहर निकल रहे है, ताकि लू और तेज धूप से बचाव हो सके। दोपहर के समय गर्म हवाओं के थपेड़ों ने हालात और मुश्किल कर दिए है, जिससे बाहर निकलना किसी चुनौती से कम नहीं है ।

गर्मी ने अब अपने तेवर और तीखे कर दिए हैं। रेगिस्तान की गर्म हवाएं और सूरज की गर्मी से मानों दिन में आग उगल रही है। 

चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के वेदर डिपार्टमेंट की ओर से जारी रिपोर्ट के अनुसार अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह सामान्य से 3.2 डिग्री अधिक है।

न्यूनतम तापमान भी 21 डिग्री सेल्सियस पहुंचने से रातों में भी गर्मी का एहसास बढ़ गया है। आने वाले दिनों में तापमान औैर बढ़ने की संभावना जताई गई है।
गर्मी से राहत पाने के लिए लोग शिकंजी और गन्ने के रस का सहारा ले रहे है। शहर के चौराहों और बाजारों में ठंडे पेय पदार्थों की दुकानों पर भीड़ देखने को मिल रही है । मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में तापमान में और बढ़ोत्तरी की संभावना है, जिससे गर्मी का असर और तेज हो सकता है।
मौसम विशेषज्ञ डॉ. एसएन सुनील पांडेय ने बताया कि आने वाले 24 घंटों में कानपुर मंडल में तेज धूप निकलने के साथ गर्मी बढ़ने की संभावना है। दिन के तापमान में बढ़ोतरी होगी । दिन में तेज लू जैसी हवा चल सकती है। इस सप्ताह पारा 43 डिग्री तक जा सकता है।
मौसम विशेषज्ञ ने बताया कि राजस्थान के रेगिस्तानी इलाकों से आने वाली गर्म पश्चिमी हवाएं उत्तर भारत के मैदानी इलाकों की ओर बढ़ रही हैं, जिससे तापमान में तेजी से उछाल आ रहा है। आसमान पूरी तरह साफ रहने और बादलों की अनुपस्थिति के कारण सूरज की किरणें सीधे और तेज पड़ रही हैं।
इसके अलावा हिमालयी क्षेत्रों से आने वाली ठंडी हवाएं कमजोर पड़ गई हैं, जिससे गर्मी को नियंत्रित करने वाला प्राकृतिक प्रभाव खत्म हो गया है।

Related News