
संवाददाता
कानपुर। राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा 2026 में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों की बड़ी संख्या को देखते हुए रेलवे प्रशासन ने कानपुर सेंट्रल स्टेशन पर विशेष इंतजाम किए हैं। 21 जून को परीक्षा के दिन स्टेशन पर आने वाले अभ्यर्थियों को भीड़ प्रबंधन के तहत कुछ समय के लिए अस्थायी होल्डिंग एरिया में रोका जाएगा, जिसके बाद उन्हें उनके गंतव्य के लिए भेजा जाएगा।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, विभिन्न जिलों से करीब 26 हजार अभ्यर्थी कानपुर पहुंचेंगे। प्लेटफॉर्म और ट्रेनों में अचानक भीड़ बढ़ने तथा किसी भी अव्यवस्था से बचने के लिए यह व्यवस्था लागू की गई है।
स्टेशन परिसर में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत कर दी गई है। आरपीएफ, जीआरपी और स्थानीय पुलिस की टीमें कानपुर सेंट्रल, गोविंदपुरी, पनकी धाम और अनवरगंज स्टेशनों पर तैनात रहेंगी। इसके अलावा बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वॉड से लगातार जांच की जा रही है।
डिप्टी सीटीएम आकांक्षु गोविल ने बताया कि अभ्यर्थियों की सुरक्षा और सुविधा दोनों पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
रेलवे ने स्टेशन के घंटाघर की ओर अस्थायी होल्डिंग एरिया तैयार किया है। यहां टेंट लगाकर परीक्षार्थियों के रुकने की व्यवस्था की गई है। यात्रियों की सहायता के लिए दो हेल्प डेस्क भी बनाई गई हैं। इनमें एक प्लेटफॉर्म नंबर-1 और दूसरी फुट ओवर ब्रिज के पास संचालित होगी।
अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए मेमू के चार रैक रिजर्व रखे गए हैं। वहीं लखनऊ, प्रयागराज और झांसी मंडल में भी अतिरिक्त रैक तैयार रखे गए हैं।
रेलवे प्रशासन ने संचालन व्यवस्था के चलते कुछ ट्रेनों को रिशेड्यूल किया है। 15038 कासगंज जंक्शन–अनवरगंज एक्सप्रेस कासगंज से 15 मिनट देरी से रवाना होगी। 55345 लखनऊ–कासगंज पैसेंजर अनवरगंज और फर्रुखाबाद के बीच 65 मिनट अतिरिक्त रुकेगी।
54156 फर्रुखाबाद–कानपुर सेंट्रल फर्रुखाबाद से 180 मिनट देरी से चलेगी। 55346 कासगंज–अनवरगंज पैसेंजर कासगंज और फर्रुखाबाद के बीच 35 मिनट अतिरिक्त रुकेगी।15037 अनवरगंज–कासगंज एक्सप्रेस अनवरगंज से 95 मिनट देरी से रवाना होगी। 54155 कानपुर सेंट्रल–फर्रुखाबाद निर्धारित तिथि पर कानपुर सेंट्रल से 145 मिनट देरी से चलेगी।
रेलवे ने अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए कासगंज–रावतपुर परीक्षा स्पेशल ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है।
05320 कासगंज-रावतपुर परीक्षा स्पेशल 21 जून को सुबह 6 बजे कासगंज से रवाना होगी। ट्रेन गंजडुंडवारा, दरियावगंज, कायमगंज, फर्रुखाबाद, फतेहगढ़, गुरसहायगंज, कन्नौज, बिल्हौर, बर्राजपुर और मंधना स्टेशनों पर ठहराव लेते हुए सुबह 11:05 बजे रावतपुर पहुंचेगी।
वहीं परीक्षा समाप्त होने के बाद 05319 रावतपुर–कासगंज परीक्षा स्पेशल ट्रेन शाम 7 बजे रावतपुर से रवाना होगी और निर्धारित स्टेशनों पर ठहराव लेते हुए रात 12:30 बजे कासगंज पहुंचेगी।
रेलवे प्रशासन का कहना है कि इन विशेष व्यवस्थाओं से अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र तक पहुंचने और परीक्षा के बाद घर लौटने में काफी सहूलियत मिलेगी।






