• शराब ठेके के साथी कर्मचारियों ने विवाद में पीटकर करी थी हत्या।

संवाददाता
कानपुर। शिवराजपुर में रेलवे ट्रैक पर मिले अज्ञात शव की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। लगभग 25 दिन की जांच के बाद पुलिस ने हत्या में शामिल तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने मामूली विवाद में युवक की पीट-पीटकर हत्या की थी और फिर शव को रेलवे ट्रैक पर फेंककर हादसे का रूप देने की कोशिश की थी ।
शिवराजपुर थाना क्षेत्र में 5 अप्रैल को रेलवे ट्रैक पर एक अज्ञात युवक का शव मिला था। पुलिस ने पंचायतनामा और पोस्टमार्टम की कार्रवाई की, लेकिन शव की पहचान नहीं हो सकी। शरीर पर चोट के निशान मिलने के बाद हत्या की आशंका जताई गई थी।
इसके चलते 15 अप्रैल को शिवराजपुर थाने में हत्या का मुकदमा दर्ज करके जांच शुरू की गई। लगातार जांच और सुरागों के आधार पर 25 अप्रैल को मृतक की पहचान हरदोई जिले के मल्लावां थाना क्षेत्र के शाहपुर निवासी बृजेश कुमार के रूप में हुई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में पुष्टि हुई कि बृजेश की हत्या करके शव को ट्रैक पर फेंका गया था।
थाना प्रभारी के नेतृत्व में गठित टीम ने जांच के दौरान बिल्हौर निवासी मोहित गुप्ता, सचिन राठौर और आशीष राठौर उर्फ पुती को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे सभी गुरुदेव चौराहा स्थित देसी शराब ठेके पर बृजेश के साथ काम करते थे।
आरोपियों के अनुसार, 4 अप्रैल को बृजेश ने ठेके से कुछ रुपये और मोहित का चार्जर ले लिया था। इसी बात को लेकर तीनों ने बृजेश को डंडे और बेल्ट से बुरी तरह पीटा, जिससे उसकी मौत हो गई।
हत्या के बाद, आरोपियों ने बृजेश के शव को मोटरसाइकिल से शिवराजपुर क्षेत्र में रेलवे ट्रैक तक पहुंचाया और वहां फेंक दिया। उनका मकसद इसे ट्रेन दुर्घटना दिखाना था। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल किया गया डंडा, बेल्ट और मोटरसाइकिल बरामद कर ली है। तीनों आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्यवाही की जा रही है।






