February 23, 2026

संवाददाता 

कानपुर। नगर की घाटमपुर विधानसभा से विधायक सरोज कुरील ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात कर क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। उन्होंने घाटमपुर में जलभराव की समस्या, बस स्टॉप के आधुनिकीकरण, बारातशाला निर्माण, स्टेडियम सहित अन्य विकास कार्यों की आवश्यकता मुख्यमंत्री के समक्ष रखी। मुख्यमंत्री ने सभी मुद्दों पर सकारात्मक रुख दिखाते हुए जल्द निस्तारण का आश्वासन दिया। विधायक ने क्षेत्रवासियों को भरोसा दिलाया कि घाटमपुर में शीघ्र ही विकास कार्यों की शुरुआत होगी, जिससे लोगों को लंबे समय से चली आ रही समस्याओं से राहत मिल सकेगी।

मुलाकात के दौरान विधायक सरोज कुरील ने मुख्यमंत्री को मां कूष्मांडा देवी का चित्र भेंट किया और घाटमपुर की जनता की ओर से आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि वह क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के लिए लगातार प्रयासरत हैं और जो वादे किए हैं, उन्हें पूरा करके दिखाएंगी। सुरक्षित सीट से अपना दल (एस) की विधायक सरोज कुरील ने मुख्यमंत्री से नगर के प्रमुख विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर शुरू कराने का आग्रह किया, जिस पर मुख्यमंत्री ने सकारात्मक कार्रवाई का भरोसा दिलाया।