April 15, 2026

 • लोगों ने कहा कि कई बार की शिकायत के बावजूद नगर निगम ने नहीं की कार्रवाई।

संवाददाता

कानपुर। नगर के चकेरी थाना क्षेत्र  स्थित रामपुरम फेज वन में शुक्रवार दोपहर स्कूल से लौट रही एक मां-बेटी पर बंदरों के झुंड ने हमला कर दिया, जिसमें वे बुरी  तरह से  घायल हो गईं। एक महिला ने डंडे की मदद से उन्हें बचाया, जिसके बाद उनका निजी अस्पताल में उपचार कराया गया।

यह घटना नगर निगम जोन-2 के अंतर्गत आने वाले क्षेत्र में हुई। चकेरी के देहली सुजानपुर निवासी रोचना शुक्ला अपनी छह वर्षीय बेटी सेजल के साथ श्यामनगर स्थित लोहिया एकेडमी से घर लौट रही थीं। दोपहर करीब डेढ़ बजे दुर्गा मंदिर के पास सड़क पर बैठे बंदरों के झुंड ने उन पर हमला कर दिया।

रोचना शुक्ला ने बताया कि बच्ची उनसे कुछ आगे चल रही थी। अचानक बंदर उग्र हो गए और उन्होंने रोचना पर हमला कर दिया, जिससे उनकी पीठ पर चोट आई। जब बेटी सेजल अपनी मां के पास पहुंची, तो बंदरों ने उस पर भी हमला कर दिया और उसके हाथ पर काट व खरोंच मारी।

मौके पर मौजूद एक महिला ने डंडे से बंदरों को खदेड़कर मां-बेटी को बचाया। रोचना के अनुसार, क्षेत्र में बंदर राह चलते लोगों पर अक्सर हमला करते हैं और कई लोगों को अपना शिकार बना चुके हैं।

पीड़ितों और स्थानीय निवासियों का कहना है कि इस संबंध में नगर निगम में कई बार शिकायतें की जा चुकी हैं, लेकिन इसके बावजूद कोई कार्रवाई नहीं की गई है।

Related News