
संवाददाता
कानपुर। रामा मेडिकल कालेज में बैचलर ऑफ डेंटल सर्जरी की छात्रा ने हॉस्टल के कमरे में सुसाइड कर लिया। काफी देर तक कमरा न खुलने पर साथी छात्राओं ने हॉस्टल संचालक और डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी।
मौके पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा तोड़कर अंदर देखा तो छात्रा फंदे पर लटकी मिली। छात्रा मंधना स्थित रामा मेडिकल कॉलेज एंड रिसर्च सेंटर बीडीएस फाइनल ईयर में पढ़ाई कर रही थी।
छात्रा मूलरूप से बिहार की रहने वाली थी। उसके पिता ने बताया कि एक दिन पहले बेटी से बात हुई थी, तब सबकुछ नॉर्मल था। मैंने हॉस्पिटल के जमीन भी खरीद ली थी। सोचा था कोर्स कंप्लीट होने के बाद बेटी को हॉस्पिटल खुलवाऊंगा।
फिलहाल मौके से किसी तरह का कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है, ऐसे में सुसाइड की वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है।
पोस्टमार्टम के बाद पिता बेटी का शव लेकर बिहार के लिए रवाना हो गए। पुलिस मामले की जांच कर रही है। घटना बुधवार शाम को कल्यानपुर थाना क्षेत्र के गूबा गार्डन स्थित हॉस्टल में हुई।
मुंगेर बिहार के करबला रोड कॉलोनी के रहने वाले मो. हसन बिहार में ब्लॉक में लिपिक थे। अब वह रिटायर्ड हो चुके हैं। मोहम्मद हसन की बेटी नाजिया हसन कानपुर के मंधना स्थित रामा मेडिकल कॉलेज एंड रिसर्च सेंटर में बीडीएस की पढ़ाई कर रही थी।
पिता मोहम्मद हसन ने बताया- बेटी फाइनल ईयर में थी। गूबा गार्डन अलका हॉस्पिटल के पीछे हॉस्टल में रहती थी। देर शाम को पुलिस ने सूचना दी कि बेटी ने सुसाइड कर लिया। पूछने पर हॉस्टल में रहने वाली अन्य छात्राओं ने बताया- नाजिया कॉलेज से सीधे रूम पर आई थी।
देर शाम तक कमरा न खुलने पर अन्य छात्राओं ने दरवाजा खटखटाया, लेकिन दरवाजा नहीं खुला। जिस पर छात्राएं डर गईं। उन्होंने तुरंत हॉस्टल संचालक और डायल-112 पुलिस को सूचना दी।
मौके पर पहुंची पुलिस दरवाजा तोड़ अंदर घुसी तो नाजिया का शव फंदे पर लटका मिला। पुलिस ने घटना की सूचना मोहम्मद हसन को दी। जानकारी पर नाजिया की बड़ी बहन फौजिया, चचेरा भाई अल्तमस और पिता मो. हसन कानपुर पहुंचे।
पिता मोहम्मद हसन ने बताया- बेटी नाजिया पढ़ने में बहुत होशियार थी। पता नहीं बेटी ने ऐसा कदम क्यों उठाया। मैंने बिहार में जमीन भी खरीद ली थी। सोचा था बेटी का बीडीएस कंप्लीट हो जाएगा। इसके बाद वहां हॉस्पिटल खुलेंगे। लेकिन मेरा सपना अधूरा रह गया।
पिता मोहम्मद हसन पोस्टमार्टम के बाद बेटी का शव लेकर बिहार के लिए रवाना हो गए। वहीं, पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है।
मंधना चौकी प्रभारी विपिन मोरल ने बताया- रात करीब 9 बजे पुलिस को सूचना मिली थी, जिसके बाद परिजनों को जानकारी देकर शव को मोर्चुरी में रखवाया गया था। जांच के दौरान कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है।






