February 18, 2026

आ स. संवाददाता 
कानपुर ।
भेवली गांव स्थित मां काली मंदिर में नवरात्रि का भव्य आयोजन किया गया। नवरात्रि में देवी भक्तों ने जवारा जुलूस निकाला और मंदिर परिसर में जवारों का विसर्जन किया गया।

मंदिर समिति ने देर रात विशाल जागरण का भी  आयोजन किया। आचार्य पंडित लक्ष्मीकांत बाजपेयी ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पूजा-आरती की। गणेश वंदना की स्तुति के साथ देवी जागरण का शुभारंभ हुआ।
अंकित सिंह म्यूजिकल ग्रुप के कलाकारों ने विभिन्न देवी-देवताओं की सुंदर झांकियां प्रस्तुत कीं। इनमें भगवान गणेश, शिव-पार्वती, हनुमान जी, राधा-कृष्ण और मां काली की झांकियां शामिल थीं। रंग-बिरंगी लाइटों से सजा आयोजन स्थल श्रद्धालुओं को आकर्षित कर रहा था।
भजन गायकों ने अपनी मधुर आवाज से श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। श्री गणेश वंदना से शुरू हुए जागरण में एक के बाद एक भजन प्रस्तुत किए गए। भजन गायिका सपना अवस्थी की प्रस्तुति को श्रद्धालुओं ने खूब सराहा। कार्यक्रम के दौरान कलाकारों ने श्रद्धालुओं से गगनभेदी जयकारे लगवाए।
मंदिर के पुजारी शिवबरन ने बताया कि नवरात्रि में मां काली मंदिर में श्रद्धालुओं की विशेष भीड़ रहती है। गांव और आसपास के लोग माता के दर्शन के लिए आते हैं। अपनी मनोकामना पूरी होने पर भक्त विशेष पूजन करते हैं।
कार्यक्रम में राजेंद्र कुशवाहा, संदीप, महेंद्र कुशवाहा, रमेश दुबे, उमेश दुबे, शैलेंद्र सिंह, अशोक पाल, विनोद पाल और अमित द्विवेदी सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। 

Related News