
संवाददाता
कानपुर। भाजपा महिला मोर्चा ने हमीरपुर सपा सांसद अजेन्द्र सिंह लोधी के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लेकर कथित आपत्तिजनक टिप्पणी के विरोध में महिला मोर्चा की कार्यकर्ता कलेक्ट्रेट पहुंचीं और राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी को सौंपा। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने सांसद के खिलाफ नारेबाजी करते हुए कार्रवाई की मांग उठाई।
प्रदर्शन का नेतृत्व महिला मोर्चा की प्रदेश उपाध्यक्ष पूनम कपूर और जिला अध्यक्ष उत्तर अनिल दीक्षित ने किया। दोनों नेताओं ने जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा और सांसद के बयान पर कड़ी आपत्ति जताई।
सपा सांसद ने अभद्र भाषा का इस्तेमाल करते हुए कहा था- देश की जनता ने कभी न तो ऐसा देश विरोधी प्रधानमंत्री देखा और न ही भविष्य में ऐसा पीएम देखने को मिलेगा। वो खुद तो खर्च कर विदेश यात्रा करते हैं और जनता से कहते हैं कि विदेश घूमने मत जाओ।
प्रदेश उपाध्यक्ष पूनम कपूर ने कहा कि हमीरपुर सांसद की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ इस्तेमाल की गई भाषा की हर स्तर पर निंदा हो रही है। उन्होंने कहा कि इससे पहले भी प्रधानमंत्री की मां को लेकर टिप्पणी की गई थी और अब इस तरह की भाषा का इस्तेमाल कर राजनीतिक मर्यादाओं की सीमाएं पार की गई हैं।
उन्होंने कहा कि बीजेपी महिला मोर्चा की मांग है कि सांसद सार्वजनिक रूप से माफी मांगें। यदि ऐसा नहीं किया जाता है तो उनके खिलाफ उचित कार्रवाई की जानी चाहिए।
पूनम कपूर ने कहा कि देश के प्रधानमंत्री के खिलाफ इस प्रकार की टिप्पणी स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने आरोप लगाया कि इस बयान का राजनीतिक असर भी देखने को मिलेगा और आने वाले चुनावों में इसका जवाब जनता देगी।
उन्होंने कहा कि फिलहाल शांतिपूर्ण तरीके से विरोध दर्ज कराया गया है, लेकिन यदि सांसद माफी नहीं मांगते हैं तो महिला मोर्चा आगे बड़ा आंदोलन करेगा।
प्रदर्शन में महिला मोर्चा की उत्तर और दक्षिण जिला इकाइयों की कई कार्यकर्ता मौजूद रहीं, जिनमें अनीता त्रिपाठी, मधु तिवारी, प्रेमलता तिवारी, सपना शर्मा और वंदना सहित अन्य पदाधिकारी शामिल थीं।






