April 30, 2026

संवाददाता

कानपुर। चोरी की अफवाह ने एक बेकसूर युवक को मुश्किल में डाल दिया। सजेती क्षेत्र में स्थानीय ग्रामीणों ने एक अनजान युवक को संदिग्ध समझकर पकड़ लिया और बिना कुछ सोचे-समझे उसकी जमकर पिटाई कर दी।

बाद में जब पुलिस मौके पर पहुंची और जांच की तो सच्चाई सामने आई। पुलिस ने पाया कि युवक का किसी आपराधिक गतिविधि से कोई लेना-देना नहीं था। इसके बाद उसे छोड़ दिया गया।
जानकारी के मुताबिक पकड़ा गया युवक फतेहपुर जिले के जहानाबाद क्षेत्र का रहने वाला विकास है। वह पिछले कुछ समय से सजेती में किराए पर रह रहा है और हमीरपुर में एक वकील के दफ्तर में काम करता है। घटना के समय वह किसी निजी काम से बाहर निकला था, तभी कुछ ग्रामीणों को वह संदिग्ध नजर आया और बिना किसी पुष्टि के उन्होंने उसे पकड़ लिया।
सूचना मिलते ही सजेती पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को भीड़ से सुरक्षित बाहर निकालकर थाने लाई। थाने में हुई पूछताछ और पहचान पत्र की जांच में यह स्पष्ट हो गया कि युवक निर्दोष है और उसका कोई आपराधिक रिकॉर्ड नहीं है। इसके बाद पुलिस ने उसे छोड़ दिया। 

सजेती थाना प्रभारी अवधेश कुमार ने बताया कि घटना की जानकारी मिली थी, लोगो ने अफवाहों के चलते युवक को पकड़ लिया था, पूछताछ करने के बाद युवक को घर भेजा गया है।
इस घटना ने एक बार फिर यह साबित कर दिया है कि चोरी और अपराध को लेकर फैल रही अफवाहें समाज में डर और भ्रम का माहौल बना रही हैं। बिना पुष्टि के की गई ऐसी कार्रवाइयां किसी बेकसूर की जिंदगी पर भारी पड़ सकती हैं।
घाटमपुर एसीपी कृष्णकांत यादव ने लोगों से अपील की है, कि किसी भी व्यक्ति पर शक होने की स्थिति में तत्काल पुलिस को सूचना दें। कानून को हाथ में न लें और किसी निर्दोष को नुकसान न पहुंचाएं। पुलिस ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई करेगी। 

Related News