• पुलिस ने झाड़ी से पकड़ा।

संवाददाता
कानपुर। हाईवे पर तमंचे के दम पर युवक से मोबाइल और बाइक लूटने वाले बदमाश को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया था। मुठभेड़ में घायल बदमाश को इलाज के लिए हैलट अस्पताल लाया गया था, जहाँ से मौका पाकर वो भाग निकला।
पुलिस की कड़ी सुरक्षा के बाद भी शातिर बदमाश शुक्रवार सुबह अस्पताल से भाग गया। बर्रा में मुठभेड़ के दौरान पैर में गोली लगने के बाद उसे माइनर ऑपरेशन थियेटर में एडमिट कराया गया था। उसे तीन दरोगा और एक सिपाही की सुरक्षा में लाया गया था।
एक सुरक्षा गार्ड के मुताबिक, दो दरोगा हैलट के बाहर बनी चौकी में चले गए। एक दरोगा बाहर खड़ा था, एक सिपाही ऑपरेशन थियेटर के पास था। इसी बीच आरोपी माइनर ऑपरेशन थियेटर से निकला और भाग गया।
हैलट से भागने वाला वही आरोपी था जिसने 24 घंटे पहले हाईवे पर तमंचे के दम पर युवक से मोबाइल और बाइक लूटी थी। फरार हुवा बदमाश जूही परमपुरवा निवासी मुन्ना है।
बर्रा क्षेत्र के योगेंद्र विहार खाड़ेपुर निवासी मोहित निषाद गुरुवार सुबह बाइक से जा रहे थे। तभी सिंह ढाबा और पेट्रोल पंप के बीच पीछे से आए पल्सर सवार दो बदमाशों ने उन्हें रोक लिया।
आरोप है कि बदमाशों ने पहले मारपीट की, फिर एक ने तमंचा निकालकर जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद बाइक की चाबी छीनकर उन्हें नीचे उतारा गया और दूसरे आरोपी ने मोबाइल लूट लिया। वारदात के बाद दोनों आरोपी फरार हो गए।
घटना के बाद पुलिस ने केस दर्ज करके चेकिंग अभियान शुरू किया। गुरुवार रात करीब 2 बजे फत्तेपुर रोड पर पुलिस को संदिग्ध बाइक सवार दिखे। रोकने पर बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी।
जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली एक बदमाश के पैर में लगी। घायल बदमाश की पहचान जूही परमपुरवा निवासी मुन्ना के रूप में हुई, जबकि उसका साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।
पुलिस उपायुक्त क्राइम श्रवण कुमार सिंह ने बताया कि
शुक्रवार तड़के आरोपी को अस्पताल लाया गया था। सुबह 10 बजे आरोपी अस्पताल से निकल भागा। तत्काल आसपास के चौराहों पर घेराबंदी कर दी गई। स्वॉट, सर्विलांस, क्राइम ब्रांच की टीमें लगाई गईं। सीसीटीवी कैमरे और मुखबिर के इनपुट पर तलाश शुरू की गई। इसके बाद क्राइम ब्रांच ने आरोपी को झाड़ी से बरामद कर लिया। क्राइम ब्रांच की टीम को 25 हजार रुपए का इनाम दिया जाएगा।






