April 22, 2026

संवाददाता 
कानपुर।
  केस्को ने फिलहाल घरों में लगे पुराने मीटरों को स्मार्ट प्रीपेड मीटर से बदलने की प्रक्रिया पर रोक लगा दी है। इससे शहर के करीब 6 लाख बिजली उपभोक्ताओं को बड़ी राहत मिली है।

अब यह फैसला यूपीपीसीएल की तकनीकी कमेटी की रिपोर्ट आने के बाद ही लिया जाएगा कि स्मार्ट प्रीपेड मीटर लगाए जाएंगे या नहीं।

कानपुर में केस्को के करीब साढ़े 7 लाख उपभोक्ता हैं, जिनमें से करीब 1.08 लाख उपभोक्ताओं के यहां पहले से स्मार्ट प्रीपेड मीटर लगे हुए हैं। पिछले कुछ समय से शहर में लगे इन मीटरों को लेकर लगातार शिकायतें सामने आ रही थीं।
स्मार्ट मीटर को लेकर कई बार लोगों ने प्रदर्शन भी किया। शहर में लगातार शिकायतें आ रही थी कि रिचार्ज के बाद भी बिजली कट जा रही है।
उपभोक्ताओं का आरोप था कि बिना सूचना के बिजली काट दी जाती है और कई बार बैलेंस होने के बावजूद भी सप्लाई बंद हो जाती है। इसको लेकर करीब तीन हफ्ते पहले प्रदेश के मुख्यमंत्री ने मामले को संज्ञान में लेते हुए तकनीकी कमेटी बनाकर जांच के निर्देश दिए थे।
केस्को के मीडिया प्रभारी देवेंद्र कुमार वर्मा के मुताबिक, कमेटी की रिपोर्ट आने तक पुराने मीटरों को स्मार्ट प्रीपेड मीटर से बदलने का काम स्थगित कर दिया गया है। हालांकि, जो उपभोक्ता नया बिजली कनेक्शन लेंगे, उनके यहां स्मार्ट प्रीपेड मीटर ही लगाए जाएंगे।
उन्होंने यह भी बताया कि तकनीकी जांच के लिये एक उच्च समिति का गठन किया गया है। इसकी जांच के बाद  जो भी रिपोर्ट आयेगी, उसके बाद ही स्मार्ट मीटर लगाए जाने का फैसला लिया जायेगा। 

Related News