
संवाददाता
कानपुर। नगर के प्राणी उद्यान के रेंजर नावेद इकराम का तबादला मुरादाबाद कर दिया गया है। उनकी जगह प्रयागराज के मेजा में वन इंस्पेक्टर पद पर तैनात रहे अजय सिंह को कानपुर जू का नया रेंजर नियुक्त किया गया है। नावेद इकराम को मुरादाबाद में क्षेत्रिय वन अधिकारी सुरक्षा के पद पर नई जिम्मेदारी सौंपी गई है।
नावेद इकराम ने बताया कि उन्हें वर्ष 2021 में कानपुर जू में रेंजर के पद पर तैनाती मिली थी। करीब 4 साल 6 महीने तक उन्होंने यहां अपनी सेवाएं दीं। इस दौरान जू के विकास और दर्शकों के लिए नई सुविधाएं शुरू करने की दिशा में कई महत्वपूर्ण कार्य किए गए।
नावेद ने बताया कि कानपुर जू की जर्जर हो चुकी सड़क को सीएसआर फंड की मदद से दोबारा तैयार कराया गया। इस दौरान परियोजना पर करीब 3 करोड़ रुपये खर्च किए गए, जिसमें चिड़ियाघर में पशुचिकित्सालय में आधुनिक जांच मशीनें और शवदाहगृह का भी कार्य कराया गया। जू में ट्यूबेल भी लगवाए गए। 6 गोल्फकार्ट गाड़ियां भी खरीदी गई, जिससे दर्शक जू में घूमते हैं।
इसके अलावा शहरवासियों को नया अनुभव देने के लिए जू में जंगल सफारी की शुरुआत भी की गई। सफारी के माध्यम से दर्शकों को खुले वातावरण में वन्यजीवों को देखने और एडवेंचर का अनुभव करने का अवसर मिला।
उन्होंने कहा कि अक्टूबर 2023 में गौरी के जन्म के समय उसकी मां ‘मानू’ की मौत हो गई थी। ऐसे में नवजात गैंडे की देखभाल की पूरी जिम्मेदारी जू प्रशासन पर आ गई। नावेद ने खुद उसकी परवरिश की और उसे बोतल से दूध पिलाया।
उन्होंने बताया, “जब तक गौरी छोटी थी, उसकी देखरेख, भोजन और अन्य जरूरतों का ध्यान मैं खुद रखता था। इसी वजह से उससे एक अलग जुड़ाव बन गया। वर्ष 2025 में गौरी को गुजरात के वंतारा भेज दिया गया, लेकिन उसकी यादें हमेशा मेरे साथ रहेंगी।”
नावेद इकराम ने बताया कि उनके कार्यकाल में कई चुनौतियां भी आईं। वर्ष 2025 में बर्ड फ्लू के कारण कानपुर जू को कुछ समय के लिए बंद करना पड़ा था। उस दौरान जू के कर्मचारियों ने लगातार मेहनत करके पशु-पक्षियों की सुरक्षा सुनिश्चित की।
उन्होंने कहा कि कठिन परिस्थितियों के बावजूद टीम ने पूरी जिम्मेदारी के साथ काम किया और जू के सभी वन्यजीवों को सुरक्षित रखा।
प्रयागराज के मेजा क्षेत्र में वन इंस्पेक्टर के पद पर तैनात रहे अजय सिंह अब कानपुर प्राणी उद्यान के नए रेंजर होंगे। जू प्रशासन की जिम्मेदारी अब उनके हाथों में होगी। अधिकारियों को उम्मीद है कि उनके नेतृत्व में भी जू के विकास कार्य आगे बढ़ेंगे।






