
संवाददाता।
कानपुर। नगर में रावतपुर स्थित विनायकपुर रोड पर खुले मेनहोल में गिरकर युवक की मौत के बाद महापौर प्रमिला पांडेय मौके पर पहुंचीं। जलकल और नगर निगम अधिकारियों के साथ उन्होंने मौके का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने जांच में पाया कि ये मेनहोल उनके द्वारा नहीं बनाया गया है। जबकि स्थानीय लोगों ने मिलकर उसका निर्माण कराया है। महापौर ने संबंधित अधिकारियों को अवैध निर्माण कर मेनहोल का निर्माण करने वालों पर कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। महापौर ने बताया कि पहले भी कई बार खुले मेनहोल ढकने के निर्देश दिए गए हैं। इस बार जो भी मेनहोल नहीं ढके गए हैं, उनकी रिपोर्ट तैयार मेनहोल ढकवाए जाएंगे। बता दें कि बुधवार को विनायकपुर बंबा रोड पर देर शाम सचिन मित्तल के घर के बाहर खुले मेनहोल में 35 वर्षीय युवक का शव औंधे मुंह पड़ा था। पुलिस ने शव निकलवाकर शिनाख्त की कोशिश की लेकिन सफल नहीं हो पाई। इस पर शव को मोर्चरी में रखवा दिया गया है। वहीं एसीपी कल्याणपुर अभिषेक पांडेय ने बताया कि उसकी जेब से एक देशी शराब का पाउच मिला था। अनुमान लगाया जा रहा है कि युवक नशे में मेनहोल में गिरा होगा। वहीं, क्षेत्रीय लोगों का आरोप है कि शिकायत के बाद भी नगर निगम में कोई सुनवाई नहीं होती है।










