October 19, 2025

संवाददाता।
कानपुर। प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में 4 दिन से बारिश हो रही है। मौसम विभाग ने आज भी 44 जिलों में आंधी-बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। इस दौरान ओले भी गिरेंगे। 30 किलोमीटर की रफ्तार से हवा चलेगी। प्रदेश में 20 मई तक गर्मी और हीटवेव से राहत रहेगी। कल 6 जिलों में बारिश हुई। बरेली में सबसे अधिक 17 मिमी. रिकॉर्ड की गई। गौतमबुद्ध नगर, गाजियाबाद, मुरादाबाद, सहारनपुर और वाराणसी में भी बरसात हुई। उत्तर भारत में अभी हीटवेव नहीं चलेगी। इसका असर उत्तर प्रदेश पर भी पड़ेगा। 20 मई के बाद कहीं-कहीं हीटवेव चलेगी। वहीं प्रदेश में झांसी लगातार तीसरे दिन सबसे गर्म शहर रहा। यहां अधिकतम तापमान 42.9℃ दर्ज किया गया। वहीं बरेली की रात सबसे ठंडी रही। बारिश के कारण दिन का तापमान 7 डिग्री तक गिरा। रात का तापमान 4 डिग्री गिरकर 20.4 डिग्री दर्ज किया गया। सीएसए यूनिवर्सिटी के मौसम विज्ञानी डॉ. सुनील पांडेय ने बताया, आंधी-बारिश ने चिलचिलाती गर्मी से राहत पहुंचाई है। मौसम प्रणाली के कारण हरियाणा, दिल्ली, कानपुर मंडल सहित पश्चिम उत्तर प्रदेश, पंजाब और राजस्थान में धूल भरी आंधी और छिटपुट बारिश हुई। हवा की रफ्तार 30 किलोमीटर तक पहुंच गई है। इससे केवल 1 घंटे में तापमान 36.6 से 35.6 डिग्री सेल्सियस यानी 1 डिग्री गिरा। आंधी के चलते बड़े पैमाने पर संपत्ति को नुकसान पहुंचा। डॉ. पांडेय ने बताया, उत्तर पश्चिमी राजस्थान पर चक्रवाती सर्कुलेशन बना है, जो वायुमंडलीय अस्थिरता पैदा कर रहा है। दिल्ली, पंजाब के कुछ हिस्सों, हरियाणा, पूर्वी राजस्थान और पश्चिमी उत्तर प्रदेश, कानपुर मंडल समेत मध्य उत्तर प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में अगले 24 घंटों के दौरान आंधी-बारिश होगी। इस दौरान बिजली गिरने और ओला पड़ने की भी संभावना है। मौसम के बदलाव से उत्तर भारत में भीषण गर्मी से राहत मिली है। आने वाले दिनों में पूर्वोत्तर, मध्य और दक्षिण भारत में प्री-मॉनसून गतिविधि जारी रहेगी। यह बारिश किसानों के लिए वरदान साबित हो होगी। इससे मिट्टी की नमी बढ़ेगी, जो फसलों के लिए अच्छी स्थिति बनाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related News