संवाददाता।
कानपुर। नगर में कुछ दिन पहले संदिग्ध परिस्थितियों में आग से झुलसे सेना के जवान की इलाज के दौरान मौत हो गई थी। परिजनों ने मृतक जवान की पत्नी पर आग लगाने का आरोप लगाते हुए थाने में तहरीर दी थी। पुलिस ने गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज कर लिया था। वहीं, घटना के बाद से सेना के जवान की पत्नी फरार चल रही थी। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर जवान की आरोपी पत्नी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। मंगलपुर थाने के किशनपुर गांव के चरण सिंह (34 वर्ष) सेना में जवान था। चरण सिंह की तैनाती जम्मू में थी। होली पर वह घर आया था। बीते मंगलवार को वह घर में सो रहे थे। इस दौरान संदिग्ध हालात में चरण सिंह आग की चपेट में आ गया था और इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई थी। मृतक जवान के परिजनों ने चरण सिंह की पत्नी आकांक्षा उर्फ बेवी पर मिट्टी का तेल डालकर आग लगा देने का आरोप लगाया था। घटना के बाद से जवान की पत्नी आकांक्षा उर्फ बेवी भी लापता हो गई थी। पुलिस ने परिजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आरोपी पत्नी की तलाश शुरू कर दी थी। शुक्रवार को मुखबिर की सूचना पर उसे सबलपुर के एक इंटर कालेज के पास से गिरफ्तार कर लिया गया है। थाना प्रभारी मंगलपुर ने बताया कि महिला को गिरफ्तार कर लिया गया है। साक्ष्यों के आधार पर मुकदमा में धारा 436 की भी बढोतरी की गई है। महिला को न्यायालय के समक्ष नियमानुसार प्रस्तुत कर जेल भेज दिया गया है।