February 5, 2025

कानपुर। गलियों में चोक सीवर के चलते लोगों को परेशानी में देख कई बार नगर निगम के सफाई कर्मि‍यों और अधिकारियों से सफाई की मांग पूरी न होने से नगर की एक पार्षद ने विभाग को चुनौती दे डाली। नगर निगम के सफाई कर्मि‍यों और अधिकारियों की कार्यशैली से नाराज होकर सोमवार को पार्षद ने खुद मेनहोल सफाई का जिम्मा उठा लिया। उन्होंने क्षेत्र में भरे मेनहोलों के साथ ही कई नालों की सफाई की। सोमवार को कांग्रेस की महिला पार्षद ने अधिकारियों की अनदेखी का जवाब खुद मेनहोल की सफाई कर दिया। यही नहीं उन्होंने ये भी कहा कि अब भी अधिकारी अगर नहीं सुनते हैं तो यही सीवेज का पानी उनके घर पर फेकूंगी। ताकि उन्हें भी क्षेत्र की समस्या का अंदाजा हो सके। गौरतलब है कि क्षेत्र में बीते 8 माह से  जलभराव है और नगर निगम पूरी तरह से लापरवाही बरत रहा है। महिला पार्षद शालू कनौजिया ने वार्ड 14 अंतर्गत जूही बंबुरहिया की लगभग पांच हजार जनता सीवर भराव की समस्या से परेशान है। क्षेत्र के सभी सीवर भरे हुए हैं, आए दिन ओवरफ्लो होकर मोहल्ले में सीवेज भर जा रहा है। जलकल को कई बार शिकायत की, लेकिन अधिकारी कोई ध्यान नहीं दे रहे हैं। बीते 8 माह से लोग इस समस्या से परेशान हैं। बता दें कि इससे पहले उन्होंने क्षेत्र की स्ट्रीट लाइट खराब होने पर खुद ही खंभे पर चढ़कर स्ट्रीट लाइट बनाने के लिए चढ़ गईं थीं। इसके अलावा हाल ही में सदन की कार्यवाही के दौरान झाडू लेकर पहुंची थीं। इससे नाराज हुईं महापौर ने उन्हें 6 माह के लिए सदन से निस्कासित कर दिया था। मामले में संबधित अधिकारियों का कहना है  कि शिकायत की जानकारी हुई है, समस्या का निस्तारण जल्द कराया जाएगा। मेट्रो कार्य की वजह से कुछ समस्या है जिसका वक्त  रहते निराकरण करवा दिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *