
संवाददाता।
कानपुर। नगर में दो सगे भाइयों ने प्रदेश में टॉप टेन में जगह बनाकर जिले व स्कूल का नाम रोशन किया है। शिवाजी इंटर कॉलेज, अर्रा नौबस्ता में पढ़ने वाले इंटर के छात्र अनिकेत साहू ने 97 प्रतिशत अंक हासिल कर प्रदेश में 5वां और जिले में दूसरा स्थान हासिल किया है। वहीं, छोटे भाई अभिषेक साहू ने हाईस्कूल में 97.33 प्रतिशत अंक प्राप्त कर प्रदेश में सातवां और जिले में दूसरा स्थान पाया है। दोनों भाइयों की इस उपलब्धि पर पिता की खुशी साफ झलक रही थी। अनिकेत के पिता दिनेश कुमार एक होजरी कंपनी में काम करते है। उनका वेतन महज 16000 रुपए है। परिवार में मां सुनीता साहू है, जो गृहिणी है। दिनेश ने जब बच्चों के रिजल्ट के बारे में सुना तो उनके पास कुछ कहने के लिए शब्द नहीं थे। दिनेश ने कहा कि हमारी रात दिन की मेहनत आज बच्चों ने सफल कर दी है। मुझे कभी भी पढ़ाई के लिए कहना नहीं पड़ता था। इसलिए मुझे उम्मीद थी कि बेटे एक दिन जरूर मेरा नाम रोशन करेंगे। दिनेश ने दोनों बेटों को साइकिल दे रखी थी। घर से स्कूल करीब दो किलोमीटर दूर था। रोज साइकिल से दोनों भाई स्कूल जाते थे। कोचिंग के लिए इतने पैसे नहीं थे तो दोनों भाई घर पर ही सेल्फ स्टडी करते थे। अभिषेक की पढ़ाई में अनिकेत पूरा सहयोग करता था। मां सुनीता ने कहा कि दोनों बेटे स्कूल से आने के बाद खाना खाते थे और फिर पढ़ाई के लिए बैठ जाते थे। पढ़ाई करने के लिए कभी उनसे कहना नहीं पड़ता था। उनको दिन भर पढ़ाई करते देख कभी-कभी कष्ट भी होता था। बाहर की दुनिया से कभी उन्होंने मतलब ही नहीं रखा। दोस्ती यारी भी बहुत सीमित है।










