
संवाददाता।
कानपुर। नगर में बची हुई हाउस टैक्स की वसूली पर जोर देकर नगर निगम अगले फाइनेंशियल ईयर में राजस्व को बढ़ाने के लिए काम करेगा। जिस जोन मे हाउस टैक्स की वसूली होनी है वहाँ पर जोनवार कैंप लगाने के नगर आयुक्त शिवशरणप्पा जीएन ने अधिकारियों को निर्देश दिए। नगर आयुक्त ने बताया कि नगर निगम सीमा में स्थित संपत्तियों पर आने वाले बिलों से मिलान किया जाएगा। जो छूटे हैं, उन्हें हाउस टैक्स के दायरे में लाया जाएगा। पहले केस्को ने नगर निगम को करीब 1.25 लाख केस्को बिल की लिस्ट उपलब्ध कराई थी। उन्होने बताया कि संपत्तियों की जीआईएस सर्वे में शामिल हुई नई संपत्तियों को हाउस टैक्स के बिल व नोटिस भेजे जाएंगे। हाउस टैक्स को लेकर आपत्तियों का निस्तारण भी किया जाएगा। जो बड़े बकायेदार हैं, उनसे वसूली की जाएगी। वहीं नामांतरण कार्यों को तेजी से पूरा किया जाएगा। नगर आयुक्त ने बैठक में सभी जोनल अधिकारियों को निर्देश दिए कि वार्डवार लाइसेंस शुल्क वसूलने के लिए संपत्तियों को चिन्हित किया जाए। जिन्होंने बीते वर्ष हाउस टैक्स नहीं जमा किया है, उन्हें हाउस टैक्स करने के लिए दोबारा से संपर्क किया जाए। बैठक में अपर नगर आयुक्त आवेश खान, जगदीश यादव, अमित कुमार भारतीय, संतोष यादव, मुख्य कर निर्धारण अधिकारी, सभी 6 जोनल अधिकारी और जीआईएस सर्वे टीम के अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।










