September 8, 2024

कानपुर।अकबरपुर लोकसभा सीट के अर्न्तगत कानपुर नगर जनपद की चार विधानसभा सीटें आती हैं और एक कानपुर देहात की अकबरपुर विधानसभा सीट आती है। पांच विधानसभा सीटों में महाराजपुर से विधायक सतीश महाना और कल्याणपुर से विधायक नीलिमा कटियार ने अपने अपने क्षेत्रों में ऐसी कड़ी मेहनत की कि भाजपा उम्मीदवार देवेन्द्र सिंह भोले तीसरी बार संसद पहुंचने में सफल रहे। बाकी तीन विधानसभा सीटों पर सपा के राजाराम पाल आगे रहे। इनमें सबसे बड़ी अहम भूमिका देखा जाये तो नीलिमा कटियार की रही जिन्होंने विधानसभा चुनाव में उन्हे जो मत मिले उससे अधिक मत देवेन्द्र सिंह भोले को दिलाने में कामयाब रही। नीलिमा कटियार को विधानसभा चुनाव में 98,997 मत मिले थे, लेकिन लोकसभा चुनाव में भाजपा को 114672 मत मिले। इससे साफ है कि नीलिमा कटियार की जमीनी पकड़ और मजबूत हुई है और सपा कमजोर हुई। इसी प्रकार महाराजपुर में सतीश महाना को विधानसभा में 152,883 मत मिले थे और अबकी बार इस विधानसभा सीट से भाजपा के देवेन्द्र सिंह भोले को 142358 मत मिले। जिन तीन विधानसभा सीटों पर सपा उम्मीदवार की बढ़त रही उनमें बिठूर सीट से लगातार दो बार से अभिजीत सिंह सांगा भाजपा से विधायक हैं। अकबरपुर सीट से प्रतिभा शुक्ला लगातार दो बार से भाजपा विधायक हैं और उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री भी हैं। घाटमपुर विधानसभा सीट से भाजपा की सहयोगी पार्टी अपना दल एस से सरोज कुरील विधायक हैं। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *